Bihar Crime:साइड देने में देरी पड़ी भारी, NH-27 पर दिनदहाड़े फायरिंग, 4 घंटे में दूसरी बार गोलीबारी से दहशत

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि अब सड़क पर मामूली बात भी खून-खराबे में बदल रही है।....

Muzaffarpur Delay in Giving Way
रोड रेज का खौफनाक खेल- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ गया है कि अब सड़क पर मामूली बात भी खून-खराबे में बदल रही है। मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में महज 24 घंटे के अंदर दूसरी बार गोली चलने की घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। ताजा मामला कांटी थाना क्षेत्र के छपरा काली मंदिर के पास का है, जहां दिनदहाड़े कार सवार बदमाशों ने एक ऑटो चालक को गोली मार दी। यह सनसनीखेज वारदात NH-27 पर हुई, जहां सड़क पर साइड देने में थोड़ी देरी एक बड़ी वारदात की वजह बन गई।

जानकारी के मुताबिक, सरैया थाना क्षेत्र के मानिकपुर निवासी ऑटो चालक सुधीर कुमार सवारी लेकर मुजफ्फरपुर से कांटी की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक कार सवार लगातार साइड मांग रहा था, लेकिन ट्रैफिक के कारण थोड़ी देरी हो गई। बस इसी बात पर कार सवार बदमाशों का पारा चढ़ गया।

आगे जाकर बदमाशों ने ऑटो को रुकवाया और बिना कुछ सोचे-समझे सुधीर कुमार पर गोली चला दी। गोली उसके आंख के बेहद करीब से गुजर गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। गोली की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर जुटने लगे, जिसे देख बदमाश मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची बिहार पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इससे पहले भी इसी इलाके में कपरपुरा रेलवे गुमटी के पास गोलीबारी की घटना हुई थी, जिससे पुलिस पर दबाव और बढ़ गया है। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है, लेकिन सड़क पर बढ़ती ‘रोड रेज’ की यह घटना लोगों के लिए एक बड़ा खतरा बनकर उभरी है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा