Bihar crime news: रेड लाइट एरिया में गैंगवार, बर्चस्व की जंग में चले ईंट-पत्थर, खून-खराबे में आधा दर्जन जख्मी

Bihar crime news: बिहार के बदनाम रेड लाइट एरिया में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आपसी बर्चस्व की जंग ने खूनी शक्ल अख्तियार कर ली।...

Muzaffarpur Gang War in Red Light Area
रेड लाइट एरिया में गैंगवार- फोटो : reporter

Bihar crime news: बिहार के बदनाम रेड लाइट एरिया में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आपसी बर्चस्व की जंग ने खूनी शक्ल अख्तियार कर ली। मुजफ्फरपुर के चतुर्भुज स्थान में दो गुटों के बीच पुरानी अदावत ने ऐसा विस्फोट किया कि पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। ईंट-पत्थरों की बरसात, चीख-पुकार और भगदड़ के बीच करीब आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए, जिनमें औरतें और बच्चे भी शामिल हैं।

मामला नगर थाना इलाके का है, जहां पुरानी गुदरी छोटी मजार रोड के मैंगो और चतुर्भुज स्थान मैना गली के लक्की के बीच पहले से तनातनी चल रही थी। बताया जाता है कि रविवार शाम करीब 5:30 बजे हाफिज जी चौक पर लगे झूले को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते संगीन झगड़े का रूप ले लिया।

चश्मदीदों के मुताबिक, शुक्ला रोड की तरफ से करीब 50 से ज्यादा युवक अचानक पुरानी गुदरी इलाके में घुस आए और फिर शुरू हुआ हंगामा-ए-खूनी खेल। दोनों तरफ से जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे पूरा इलाका दहशत में आ गया। हालात इतने बिगड़ गए कि राहगीर अपनी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

इस झड़प में आधा दर्जन लोग बुरी तरह जख्मी हो गए, जिन्हें फौरन सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हालात की नजाकत को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। नगर थाना समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।

पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दोनों गुटों से तीन आरोपियों मयूर, मैंगो और लक्की को हिरासत में लिया है। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और चतुर्भुज स्थान से लेकर शुक्ला रोड तक फ्लैग मार्च किया गया।

नगर थाना प्रभारी अनोज कुमार ने सख्त लहजे में कहा है कि माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब इस पूरे गैंगवार की तहकीकात में जुटी है। सवाल यही है क्या यह महज झूले का झगड़ा था, या इसके पीछे कोई बड़ा क्रिमिनल नेटवर्क काम कर रहा है?

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा