Bihar News: होली पर शराब की तस्करी का खेल होगा फेल! बिहार में शहर से लेकर गांव तक ताबड़तोड़ रेड, तस्करों में हड़कंप

Bihar News: इस बार होली पर शराब कारोबारियों की दाल गलती नहीं दिख रही है। ...

Muzaffarpur Holi Liquor Crackdown Raids Sweep
होली पर शराब की तस्करी का खेल होगा फेल!- फोटो : reporter

Bihar News: इस बार होली पर शराब कारोबारियों की दाल गलती नहीं दिख रही है। त्योहार से पहले ही प्रशासन ने ऐसा शिकंजा कसा है कि सड़क से लेकर सुदूर गांव तक छापेमारी की आंधी चल रही है। मुजफ्फरपुर में जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग ने संयुक्त मोर्चा खोल दिया है। साफ संदेश है होली में शराब खपाने की हर साजिश नाकाम की जाएगी।

दरअसल, हर साल त्योहार के पहले अवैध शराब के भंडारण और सप्लाई की कवायद तेज हो जाती है। कारोबारी चुपके से स्टॉक जमा कर ‘रंग’ में ‘नशा’ घोलने की फिराक में रहते हैं। लेकिन इस बार प्रशासन पहले से अलर्ट है। शहर की सड़कों पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। हाईवे से लेकर गली-मोहल्लों तक चेकिंग अभियान तेज है।

सिर्फ सड़क ही नहीं, गांवों में भी संभावित ठिकानों को चिन्हित कर लगातार छापेमारी हो रही है। जहां भी भंडारण या बिक्री की भनक मिल रही है, वहां टीम धावा बोल रही है। कार्रवाई की रफ्तार ऐसी है कि शराब कारोबारियों के बीच खलबली मच गई है। कई ठिकाने सील किए गए हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उनका कहना है कि होली से पहले शराब के अवैध कारोबार पर पूरी तरह नकेल कसने का लक्ष्य है और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

प्रशासन का दावा है कि इस बार रंगों का त्योहार बेखौफ और बेदाग होगा। अब देखना यह है कि सख्ती का यह पहरा कब तक कायम रहता है और शराब माफिया इस शिकंजे से बचने के लिए कौन-सी नई चाल चलते हैं।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा