Bihar Crime: कलयुगी मोहब्बत में पति की गला रेत कर हत्या, पत्नी के आशिक पर कत्ल का इल्ज़ाम, इश्क़ की ख़ूनी साज़िश से इलाके में हड़कंप
Bihar Crime: कत्ल इश्क़, शक और साज़िश की एक खौफनाक दास्तान बनकर पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।...
Bihar Crime: मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम खौफनाक वारदात से इलाका दहल उठा। गोला रोड के पास एक पान दुकानदार की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान माखन साह चौक के पास पान की दुकान चलाने वाले मनोज कुमार के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज कत्ल का आरोप मृतक की पत्नी के कथित आशिक पर लगा है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर शाम मनोज कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। हमलावर ने गले पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया। लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़े मनोज को देख आसपास के लोग सन्न रह गए। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की मां मुन्नी देवी ने अपनी बहू और उसके प्रेमी पर संगीन आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बहू का आचरण ठीक नहीं था और उसका किसी दूसरे युवक पिंटू से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस रिश्ते से जुड़े कुछ फोटो कथित तौर पर वायरल भी हुए थे। इसी बात को लेकर मनोज और उसकी पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश और नाजायज़ रिश्ते की आग में इस कत्ल की साज़िश रची गई।
मुन्नी देवी के अनुसार, वारदात वाले दिन बहू के आशिक पिंटू का फोन आया था, जिसके बाद मनोज घर से निकला। आरोप है कि गोला रोड के पास पिंटू ने चाकू से हमला कर मनोज की निर्मम हत्या कर दी। हालांकि पुलिस इस पूरे मामले को फिलहाल आरोप और तथ्यों के आधार पर जांच के दायरे में रखे हुए है।
मामले पर एसडीपीओ टाउन वन सुरेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी इस जघन्य अपराध में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह कत्ल इश्क़, शक और साज़िश की एक खौफनाक दास्तान बनकर पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा