Bihar Crime: मुजफ्फरपुर के बड़े होटल में झारखंड पुलिस की ताबड़तोड़ रेड, रांची चोरी कांड में युवक हिरासत में
Bihar Crime:झारखंड पुलिस की विशेष टीम ने मुजफ्फरपुर पुलिस के सहयोग से सोमवार अहले सुबह शहर के एक बड़े होटल में ताबड़तोड़ छापेमारी कर एक युवक को हिरासत में लिया...
Muzaffarpur: झारखंड पुलिस की विशेष टीम ने मुजफ्फरपुर पुलिस के सहयोग से सोमवार अहले सुबह शहर के एक बड़े होटल में ताबड़तोड़ छापेमारी कर एक युवक को हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद होटल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हिरासत में लिए गए युवक से विशेष टीम गहन पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रांची पुलिस की विशेष टीम एक मामले की जांच के सिलसिले में मुजफ्फरपुर पहुंची थी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से शहर के एक बड़े होटल में दबिश दी गई, जहां से एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिया गया युवक मुजफ्फरपुर का निवासी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, युवक पर रांची में हुई एक बड़ी चोरी की वारदात में शामिल होने का संदेह है। घटना के बाद वह कथित रूप से मुजफ्फरपुर के उक्त होटल में ठहरा हुआ था। सूचना मिलने पर झारखंड पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों को यह भी संदेह है कि हिरासत में लिया गया युवक बड़े स्तर पर सोने के कारोबार या डीलिंग से जुड़ा हुआ था। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वहीं, मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने अनुसंधान प्रभावित होने का हवाला देते हुए फिलहाल विस्तृत जानकारी साझा करने से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल झारखंड पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच जारी है। यह स्पष्ट होना अभी बाकी है कि युवक की कथित भूमिका क्या थी और रांची में दर्ज मामले से उसका संबंध किस स्तर तक है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा