Bihar Crime News: शराब पार्टी बनी मौत का जाल, प्रेम-प्रसंग में खून, दफन शव और वायरल वीडियो से मचा बवाल
Bihar Crime News: शराब पार्टी के बहाने पत्नी के प्रेमी को शराब में नशीला पदार्थ पिला कर महिला के पति ने मौत के घाट उतार दिया। यहीं नहीं मौत के बाद युवक के शव को दफना भी दिया गया...
Bihar Crime News:शराब पार्टी के बहाने पत्नी के प्रेमी को शराब में नशीला पदार्थ पिला कर पति ने मौत के घाट उतार दिया। मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरुआ डीह गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक 30 वर्षीय युवक बिगन राम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। शुरुआती तौर पर इसे सामान्य मौत और दाह संस्कार बताया गया, लेकिन जैसे-जैसे परतें खुलीं, पूरा मामला हत्या, साजिश और सबूत मिटाने की गहरी कहानी में बदल गया। गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।
सूत्रों के अनुसार, मृतक बिगन राम का शव बिना परिजनों को सूचना दिए आनन-फानन में दफनाकर बाद में उसका दाह संस्कार कर दिया गया और अवशेष को मिट्टी से ढक दिया गया। जैसे ही यह जानकारी परिजनों को मिली, उन्होंने तत्काल बरियारपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ ईस्ट टू मनोज कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और मजिस्ट्रेट की निगरानी में पूरे मामले की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने मौके से बचे हुए मानव अवशेषों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। इधर, परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि बिगन राम की हत्या एक सोची-समझी साजिश के तहत की गई है। बताया जाता है कि मृतक का अपने ही पड़ोस की एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी उसके पति को थी। इसी बात को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था, जो बाद में शांत हो गया था, लेकिन तनाव बना रहा।
सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें शराब से भरे तीन गिलास दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि इसी शराब पार्टी के दौरान महिला के पति और उसके सहयोगियों ने बिगन राम को नशीला पदार्थ मिलाकर शराब पिलाई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को चुपचाप दफन कर दिया गया। एक और वायरल वीडियो में कथित तौर पर दाह संस्कार और शव को मिट्टी से ढकते हुए देखा जा रहा है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। परिजनों ने महिला के पति और उसके सहयोगियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है।
एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील है और सभी पहलुओं पर वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की टीम लगातार छापेमारी में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा