Bihar Crime: इश्क के तीन महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या के आरोप से मचा हड़कंप

Bihar Crime: अंतरजातीय प्रेम विवाह के महज तीन महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।

 अंतरजातीय प्रेम विवाह
इश्क के तीन महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत- फोटो : reporter

Bihar Crime: अंतरजातीय प्रेम विवाह के महज तीन महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मुजफ्फरपुर सरैया थाना क्षेत्र के बसंतपुर उत्तरी पंचायत के कोन्ही टोला निवासी वैशाली कुमारी के रूप में हुई है। वैशाली स्नातक की छात्रा थी और उसकी शादी पड़ोसी गांव के महेश कुमार सहनी से हुई थी।

मौत की खबर मिलते ही मायके वाले ससुराल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उनकी बेटी की हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी।

बताया जाता है कि वैशाली और महेश के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अलग-अलग जातियों से होने के बावजूद अपने रिश्ते को मुकाम देने के लिए करीब तीन महीने पहले अंतरजातीय विवाह किया था। परिजनों के मुताबिक, इस शादी से युवक के परिवार के कुछ लोग नाराज थे। इसी बीच नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सरैया पुलिस के अनुसार, बसंतपुर उत्तरी पंचायत के कोन्ही टोला से महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट- मणिभूषण कुमार