एक झटके में 4 थानेदारों पर गिरी गाज, बढ़ते अपराध पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, बड़े साहब के हंटर से महकमे में हड़कंप

Bihar Police: बिहार में बढ़ते जुर्म के ग्राफ के कारण एक ही झटके में चार थानेदारों को लाइन हाजिर कर दिया। ....

Muzaffarpur Police Surgical Strike 4 SHOs Axed
4 थानेदार लाइन हाजिर- फोटो : reporter

Bihar Police: बिहार में बढ़ते जुर्म के ग्राफ ने पुलिस महकमे की नींद उड़ा दी है। इसी के बीच मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने सख्त एक्शन लेते हुए एक ही झटके में चार थानेदारों को लाइन हाजिर कर दिया। इस कार्रवाई ने पूरे महकमे में खलबली मचा दी है और साफ संकेत दे दिया है कि अब काम में ढिलाई या सुस्ती किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी।

सूत्रों के मुताबिक, जिले में लगातार बढ़ते क्राइम चोरी, लूट और अन्य वारदातों को लेकर SSP पहले से ही काफी सख्त तेवर में थे। हाल ही में हुई क्राइम मीटिंग में उन्होंने दो टूक लहजे में कहा था कि जो अफसर दमदार काम करेंगे, उन्हें इनाम मिलेगा, लेकिन जो लापरवाही या शिथिलता दिखाएंगे, उन पर सीधा एक्शन होगा।

इसी कड़ी में टाउन थाना के प्रभारी अनोज कुमार, मिठनपुरा थाना के संतोष कुमार पंकज, देवरिया थाना के मनोज कुमार साह और पानापुर करियात के थानेदार साहुल कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया। इस कार्रवाई को पुलिसिया भाषा में सीधा कड़क संदेश माना जा रहा है।

वहीं, चारों थानों की कमान अब नए चेहरों को सौंपी गई है। नगर थाना में पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। मिठनपुरा थाना में अजय कुमार को पोस्टिंग मिली है, जो पहले ट्रैफिक थानेदार थे। देवरिया थाना की जिम्मेदारी रोहित कुमार को और पानापुर करियात थाना की कमान सुचित्रा कुमारी को सौंपी गई है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप का माहौल है। अंदरखाने चर्चा है कि अब हर अफसर अपनी कुर्सी बचाने के लिए फुल एक्शन मोड में आ जाएगा।

SSP का साफ फरमान है कि काम में कोताही या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस सख्ती ने यह जता दिया है कि मुजफ्फरपुर पुलिस अब अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पूरी तरह तैयार है, और जो भी अफसर ढीला पड़ेगा, उसका अंजाम तय है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा