Bihar Crime:संदिग्ध हालात में युवक की मौत, हत्या या खुदकुशी, इलाके में सनसनी
Bihar Crime:मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अहले सुबह एक युवक का शव पीपल के पेड़ से फंदे के सहारे झूलता हुआ मिला।
Bihar Crime:मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अहले सुबह एक युवक का शव पीपल के पेड़ से फंदे के सहारे झूलता हुआ मिला। इस घटना के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह पूरा मामला जिले के टारसन दुवियाही गांव का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह-सुबह जब ग्रामीण अपने रोजमर्रा के काम के लिए निकले, तभी उनकी नजर गांव के एक पीपल के पेड़ पर पड़ी, जहां एक युवक रस्सी के फंदे से लटका हुआ था। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय उदय कुमार के रूप में हुई है, जो इसी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है। हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर यह घटना आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई साजिश छिपी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही तुर्की थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी पंकज कुमार खुद दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से सबूत जुटाए जा सकें और सच्चाई तक पहुंचा जा सके।
थाना प्रभारी पंकज कुमार के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है। एफएसएल टीम को बुलाया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। मौत के पीछे की असली वजह का जल्द खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। गांव में डर और चर्चा का माहौल है, वहीं परिजन इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर इस फंदे के पीछे का सच क्या है।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा