Bihar Crime: मोहब्बत का खूनी खेल, इश्क में युवक की ईंट-पत्थर से मार मार कर हत्या, इलाके में दहशत

Bihar Crime: एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।...

Muzaffarpur Youth Found Dead Stone Attack Suspected in Murde
मोहब्बत का खूनी खेल- फोटो : reporter

Bihar Crime:  मुजफ्फरपुर से सुबह-सुबह एक सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आई है। औराई थाना क्षेत्र के बेदौल ओपी इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। शव पर चोट के कई गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथमदृष्टया ईंट-पत्थर से पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। लाश मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।

मृतक की पहचान करीब 36 वर्षीय अशोक राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार की शाम करीब सात बजे अशोक किसी काम से अपने घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई। परिवार के लोगों ने आसपास और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की, लेकिन रात में उसका कोई सुराग नहीं मिला।गुरुवार अहले सुबह गांव का एक व्यक्ति शौच के लिए निकला था। इसी दौरान उसकी नजर सड़क किनारे पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। शव देखते ही उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। लोगों ने जब शव को करीब से देखा तो शरीर पर चोट के कई निशान नजर आए। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि अशोक का शव उसके घर से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर मिला। जिस युवक के रात में घर से निकलने के बाद अचानक गायब होने की बात सामने आई थी, उसकी लाश कुछ ही दूरी पर मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर अशोक को रास्ते में किसने रोका? क्या किसी ने पहले से घात लगाकर वारदात को अंजाम दिया? या फिर किसी विवाद के बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गई?घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है।

वहीं ग्रामीणों के बीच प्रेम प्रसंग को हत्या की वजह से जोड़कर भी चर्चा चल रही है। हालांकि, यह महज स्थानीय स्तर पर चल रही चर्चा है और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।अशोक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घर से निकले युवक की कुछ घंटों बाद खून से सनी लाश मिलने की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश, विवाद, लूट या कथित प्रेम प्रसंग कौन सा कारण छिपा है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा