Bihar Crime:सड़क किनारे मिला खून से लथपथ शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस कर रही जांच
Bihar Crime: एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। शव की हालत देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई ...
Bihar Crime: नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केवई गांव के समीप सोमवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। शव की हालत देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और पूरे इलाके में यह खबर आग की तरह फैल गई। मृतक के सिर और पैर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजनों ने साफ तौर पर यह आशंका जताई है कि यह मामला सामान्य मौत नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है और शव को सुनियोजित तरीके से फेंका गया है।
मृतक की पहचान हरसैनी गांव निवासी स्वर्गीय नंदू रावत के पुत्र 56 वर्षीय अमरेंद्र कुमार के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार वह पिछले एक वर्ष से पटना स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे और ड्यूटी पर नियमित रूप से आते-जाते थे। उनकी अचानक और संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिजनों के अनुसार, सोमवार देर रात अमरेंद्र कुमार पटना से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उन्हें गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे छोड़ दिए जाने की सूचना डायल 112 पुलिस टीम द्वारा परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घर में कोहराम मच गया और माहौल गमगीन हो गया।
मृतक अपने पीछे 19 वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन बेटी की शादी और भविष्य को लेकर गहरे सदमे और आर्थिक संकट में हैं। घर की स्थिति कमजोर होने के कारण अब परिवार के सामने पालन-पोषण की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है।
इस पूरे मामले पर हिलसा डीएसपी टू कुमार ऋषिराज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर तहकीकात कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए तफ्तीश में जुट गई है।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय