नालंदा में रणक्षेत्र बनी सड़क, बाइक सवार की मौत पर भड़का आक्रोश, पुलिस पर भीषण पथराव में 8 जवान जख्मी, आंसू गैस के गोले दागे, अफसरों ने संभाला मोर्चा

Nalanda:नालंदा जिले का हरनौत थाना क्षेत्र आज उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब एक सड़क हादसे के बाद उग्र हुई भीड़ और पुलिस बल आमने-सामने की हिंसक झड़प हो गई।

Nalanda Clash 8 Cops Injured as Protest Turns Violent
पुलिस पर भीषण पथराव में 8 जवान जख्मी- फोटो : reporter

Nalanda:नालंदा जिले का हरनौत थाना क्षेत्र आज उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब एक सड़क हादसे के बाद उग्र हुई भीड़ और पुलिस बल आमने-सामने की हिंसक झड़प हो गई। पुलिस की गाड़ी से कुचलकर एक बाइक सवार युवक की मौत के बाद स्थानीय लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे। देखते ही देखते इस विरोध प्रदर्शन ने बवाल का रूप अख्तियार कर लिया। आक्रोशित जनता ने कानून के रखवालों को निशाना बनाते हुए भीषण पथराव शुरू कर दी, जिसमें 8 पुलिसकर्मी लहूलुहान हो गए।

दनादन बरसे पत्थर, पुलिस गाड़ियों के टूटे शीशे

गवाहों के मुताबिक, जैसे ही पुलिस अधिकारी और जवान उग्र भीड़ को समझाने और हाईवे से जाम हटाने पहुंचे, भीड़ का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उपद्रवियों ने पुलिस टीम को घेरकर चारों तरफ से रोड़े और पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इस अचानक हुए हमले में खाकी वर्दीधारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पथराव की इस चपेट में आने से आठ जवानों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उपद्रवियों ने पुलिस के वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

 पुलिस का जवाबी एक्शन

जब हालात पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गए और पुलिस पदाधिकारियों की जान पर बन आई, तब जिला मुख्यालय से भारी तादाद में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाई गई। भीड़ को तितर-बितर करने और शांति बहाल करने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया।

हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठीचार्ज किया और कई राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति नियंत्रण में आई।घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस, करीब 150 से अधिक सुरक्षाकर्मी, एसडीपीओ, एसडीएम, बीडीओ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और देर शाम तक कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए रखी। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति है तथा अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।

विवाद का कारण

इस पूरे फसाद की शुरुआत तब हुई जब पुलिस की एक सरकारी गाड़ी ने एक बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत की खबर आग की तरह फैली और मृतक के परिजनों के साथ सैकड़ों ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस गाड़ी के ड्राइवर की लापरवाही से यह जान गई है।पथराव में दो इंस्पेक्टर समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि जाम में फंसे कई राहगीर भी चोटिल हुए।मृतक की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के चेरन गांव निवासी प्रद्युम्न कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए तथा सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्र

प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। इस दौरान रजौली–बख्तियारपुर मुख्य सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।फिलहाल, हरनौत के थानाध्यक्ष ने मुकेश कुमार वर्मा ने तत्काल मोर्चा संभाला लोगों की समझाइश में जुटे। तबतक बिहारशरीफ एसडीओ, डीएसपी, बीडीओ मौका पर पहुंच कर आक्रोशितों को समझाने में लगे। बाद में प्रशासन ने मौके की नजाकत को देखते हुए लोगों को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने का निर्णय लिया। मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा के अनुसार पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। यातायात को दोबारा बहाल कराया गया है। 

सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल और दंडाधिकारियों पर पथराव किया, जिसके कारण स्थिति बिगड़ गई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पूरी कार्रवाई नियमानुसार की। पहले लोगों से कई बार सड़क खाली करने की अपील की गई, लेकिन जब पथराव और आगजनी शुरू हो गई तो भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और हल्का बल प्रयोग किया गया। उन्होंने बताया कि घटना में आठ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है तथा वीडियो फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय