Bihar Crime:तिलक समारोह में बार-बालाओं के नाच के बीच चली गोलियां, युवक की मौके पर दर्दनाक मौत, शादी से पहले उजड़ गया घर
Bihar Crime:बार-बालाओं का डांस प्रोग्राम चल रहा था, जहां माहौल पूरी तरह शोर-शराबे और भीड़ से भरा हुआ था।सी दौरान अचानक फायरिंग की आवाज गूंजी और भगदड़ मच गई।...
Bihar Crime:नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र अंतर्गत अमावा गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहशत और गुस्से में डाल दिया है। जहां एक तरफ घर में शहनाइयों और रस्म-रिवाजों की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी तरफ अचानक चली गोली ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
जानकारी के मुताबिक, सरमेरा थाना क्षेत्र के गौसनगर गांव निवासी 21 वर्षीय छोटू कुमार अपने दोस्त के तिलक समारोह में शामिल होने अमावा गांव पहुंचा था। बताया जा रहा है कि दूसरे मंजिल पर बार-बालाओं का डांस प्रोग्राम चल रहा था, जहां माहौल पूरी तरह शोर-शराबे और भीड़ से भरा हुआ था।
इसी दौरान अचानक फायरिंग की आवाज गूंजी और भगदड़ मच गई। जब परिजन और लोग ऊपर पहुंचे तो छोटू कुमार फर्श पर खून से लथपथ पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि बार-बालाओं के नाच के दौरान ही विवाद या लापरवाही में गोली चली, जिसने सीधे युवक की जान ले ली। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे मामले को कई एंगल से जांच रही है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतक का अपना तिलक भी आज ही होना था और 27 अप्रैल को उसकी शादी बिंद थाना क्षेत्र के छत्तरबीघा गांव में तय थी। घर में खुशियों की तैयारी चल रही थी, लेकिन उससे पहले ही यह खौफनाक हादसा सब कुछ उजाड़ गया।
मृतक के चचेरे भाई सूरज कुमार ने बताया कि जैसे ही गोली चली, अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके से भाग खड़े हुए। किसी ने मदद नहीं की, और समय रहते इलाज न मिल पाने से उसकी जान चली गई। सदर डीएसपी नुरुल हक ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी बिंदुओं पर पुलिस काम कर रही है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
रिपोर्ट- राज पाण्डेय