Bihar Crime: प्रेमिका संग पत्नी ने देखा पति को आपत्तिजनक हालत में, भड़का विवाद तो पीट-पीटकर हत्या

Bihar Crime:अवैध संबंध के विरोध ने एक महिला की जान ले ली।...

Nalanda Wife Killed Over Affair Row Husband Arrested
प्रेमिका संग पत्नी ने देखा पति को आपत्तिजनक हालत में- फोटो : reporter

Bihar Crime:पति ने अवैध संबंध के विरोध ने एक महिला की जान ले ली।  नालंदा के छबीलापुर थाना क्षेत्र के अंडवस गांव में अवैध संबंध के विरोध ने एक महिला की जान ले ली। आरोप है कि पति ने अपनी 41 वर्षीय पत्नी प्रभा देवी की लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। सनसनीखेज बात यह सामने आई है कि हत्या के बाद आरोपी पति कथित तौर पर रातभर पत्नी के शव के साथ घर में सोता रहा। पुलिस ने आरोपी पति हरि दर्शन यादव को नशे की हालत में मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका के पिता खुदागंज थाना क्षेत्र के विष्णु बगीचा निवासी किशोरी यादव ने पुलिस को बताया कि हरि दर्शन यादव का पिछले करीब आठ वर्षों से रिश्ते की ही एक महिला से कथित तौर पर अवैध संबंध था। प्रभा देवी लगातार इसका विरोध करती थीं। आरोप है कि विरोध करने पर पति अक्सर उनके साथ मारपीट करता था। पति के व्यवहार से परेशान प्रभा ज्यादातर समय अपने मायके में ही रहती थीं।

बताया गया कि रक्षाबंधन के बाद प्रभा देवी अपने ससुराल लौटी थीं। सोमवार को उन्होंने कथित तौर पर पति को उसी महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि कुछ देर बाद हरि दर्शन घर लौटा और गुस्से में पत्नी की लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण प्रभा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोप है कि पत्नी की मौत के बाद भी पति को घटना की गंभीरता का एहसास नहीं हुआ और वह रातभर शव के साथ घर में रहा। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

प्रभा देवी तीन बेटियों और एक बेटे की मां थीं। उनकी मौत की खबर मिलते ही मायके और गांव में मातम पसर गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।छबीलापुर थानाध्यक्ष अनोज कुमार पाठक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मारपीट से महिला की मौत होने की बात सामने आई है। आरोपी पति को नशे की हालत में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट- राज पाण्डेय