Bihar Crime: नवादा में शराब तस्करी पर उत्पाद विभाग का शिकंजा, बोलेरो पलटी तो शराब-बीयर हुआ बरामद
Bihar Crime: नवादा में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब और बीयर बरामद की है।...
Bihar Crime: नवादा में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 160 लीटर अवैध विदेशी शराब और बीयर बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भागने लगी, लेकिन कुछ दूर जाकर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को 18 सितंबर की रात थाली थाना क्षेत्र के हरला बेला गांव के समीप शराब की तस्करी किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। टीम को पीछा करते देख बोलेरो चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा।
इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। वाहन पलटते ही चालक मौका देखकर अंधेरे में फरार हो गया। उत्पाद विभाग की टीम ने जब दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो की तलाशी ली तो उसके भीतर छिपाकर रखी गई विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 160 लीटर बताई गई है।
कार्रवाई के बाद उत्पाद विभाग ने शराब समेत बोलेरो को जब्त कर उत्पाद थाना पहुंचाया। अब पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर फरार चालक की पहचान करने में जुटी है। मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अंधेरे का फायदा उठाकर चालक के फरार होने के बाद अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे नवादा के किस इलाके में पहुंचाया जाना था। वाहन के मालिक और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
रिपोर्ट- अमन कुमार