Bihar Crime: यूपी से बिहार में शराब तस्करी, शराबबंदी की खुल गई पोल, विदेशी शराब जब्त

Bihar Crime: नवादा में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 216 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। ...

Nawada 216 Litres of Foreign Liquor
शराब तस्करों पर शिकंजा- फोटो : reporter

Bihar Crime: नवादा में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 216 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर नारदीगंज थाना क्षेत्र के मियां बिगहा में की गई छापेमारी के दौरान शराब की खेप ले जाने में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा एक्सयूवी-500 को भी जब्त कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक छापेमारी दल को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में उत्पाद विभाग की टीम जुटी है।

उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए शराब की बड़ी खेप इलाके से ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वाहन से 216 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया और शराब को कब्जे में ले लिया गया।

कार्रवाई के दौरान वाहन में चालक के अलावा एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। जांच-पड़ताल में उसके विधि-विरुद्ध बालक होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उसे विधि के अनुरूप अभिरक्षा में लिया गया है। उससे पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और संभावित नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

वहीं, छापेमारी के दौरान चालक के मौके से फरार हो जाने के बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई है। उत्पाद विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। जब्त वाहन और बरामद शराब के आधार पर फरार चालक की पहचान और पूरे तस्करी तंत्र की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।

रिपोर्ट- अमन कुमार