Bihar Crime:शराब माफिया का खूनी कहर, मुखबिरी के शक में युवक पर हमला, हिसाब पूछने पहुंचे चाचा पर चली गोली

Bihar Crime: एक युवक को कथित तौर पर पुलिस का मुखबिर बताकर बेरहमी से पीटा गया। ...

Nawada Informer Suspect Shot Uncle Hit by Bullet in Bihar At
शराब माफिया का खूनी कहर- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र का महसई मोहल्ला गुरुवार रात उस वक्त खौफ और दहशत में डूब गया, जब एक युवक को कथित तौर पर पुलिस का मुखबिर बताकर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि जब परिजन हिसाब-किताब पूछने पहुंचे तो दबंगों ने फायरिंग कर दी। इस हमले में युवक के चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और शराब माफिया की सक्रियता को लेकर फिर सवाल उठने लगे।

पुलिस के मुताबिक महसई निवासी रौशन कुमार के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। इसके बाद जब परिजन आरोपी मोहित साव के घर पहुंचे तो विवाद और भड़क गया। आरोप है कि इसी दौरान मोहित साव ने रौशन के चाचा संजीत कुमार पर गोली चला दी। गोली लगने की आशंका के बाद घायल संजीत को आनन-फानन में रजौली अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें रेफर कर दिया गया।

हालांकि मामले में पुलिस ने अभी गोली लगने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सूरज कुमार ने बताया कि एक्स-रे रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि शरीर में गोली लगी है या नहीं। वहीं एसडीपीओ गुलशन कुमार ने भी कहा कि फिलहाल गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी मोहित साव शराब माफिया से जुड़ा हुआ है। उनका दावा है कि रौशन कुमार पर हमला इसलिए किया गया क्योंकि वह कथित तौर पर शराब तस्करों की गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाता था। परिवार ने इसे माफिया की बदले की वारदात बताया है।

रजौली थाना प्रभारी एसआई अजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। आरोपी और उसके साथियों की तलाश जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की असली तस्वीर साफ हो सकेगी।
रिपोर्ट- अमन कुमार