Bihar Murder Case: इश्क बना कत्ल की वजह, युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, प्रेम प्रसंग में युवती-युवक को उम्रकैद, सबूत मिटाने पर भी सख्त सजा

प्रेम प्रसंग से जुड़े एक सनसनीखेज हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए एक युवती और एक युवक को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

Nawada Love Affair Murder  Duo Get Life for Burning Man Aliv
इश्क बना कत्ल की वजह- फोटो : reporter

Bihar Murder Case: नवादा में प्रेम प्रसंग से जुड़े एक सनसनीखेज हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए एक युवती और एक युवक को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। हत्या के बाद सबूत मिटाने की साजिश रचने वाले दोनों दोषियों पर अदालत ने 30 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। इसके अलावा साक्ष्य छिपाने के अपराध में 7 वर्ष के सश्रम कारावास और 5 हजार रुपये के जुर्माने की सजा भी सुनाई गई है। अदालत ने आदेश दिया कि सभी सजाएं साथ-साथ चलेंगी।

अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विशेष न्यायाधीश संजय कुमार मिश्रा की अदालत ने पकरीबरावां थाना क्षेत्र के दिऔरा गांव निवासी भवानी कुमारी और असमा गांव निवासी सुधांशु कुमार उर्फ छोटू कुमार को दोषी करार दिया। विशेष लोक अभियोजक महबूब उद्दीन ने बताया कि यह मामला नगर थाना कांड संख्या-1320/24 से जुड़ा था।

मामले की शुरुआत तब हुई जब सिसवां से लुटन बिगहा जाने वाले रास्ते पर एक मोटरसाइकिल के पास एक युवक का अधजला शव बरामद हुआ। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान धमौल थाना क्षेत्र के ढोढा गांव निवासी प्रवीण कुमार के रूप में की। जांच में सामने आया कि प्रवीण नवादा में कोचिंग पढ़ाता था और 9 नवंबर 2024 को गांव से शहर के लिए निकला था, लेकिन फिर कभी घर नहीं लौटा।

शुरुआत में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था, लेकिन तफ्तीश आगे बढ़ने पर कई अहम सुराग हाथ लगे। वैज्ञानिक साक्ष्यों, गवाहों के बयान और पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि प्रेम प्रसंग को लेकर भवानी कुमारी और सुधांशु कुमार ने मिलकर प्रवीण की हत्या की, फिर पेट्रोल डालकर शव को जला दिया, ताकि पहचान और सबूत दोनों मिटाए जा सकें।

अदालत ने अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों को पर्याप्त मानते हुए दोनों आरोपियों को हत्या, साक्ष्य मिटाने और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत दोषी ठहराया। इस चर्चित हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने जांच के दौरान तेजी से करते हुए आरोपियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया था।

रिपोर्ट- अमन कुमार