Bihar Train Crime: महाबोधि एक्सप्रेस में नशाखुरानी का शिकार हुआ युवक, सास के अंतिम संस्कार में आ रहा था नवादा, लखीसराय में अचेत मिला
Bihar Train Crime: बिहार आने के दौरान एक परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि मातम के बीच अफरा-तफरी मच गई। ....
Bihar Train Crime: बिहार आने के दौरान एक परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि मातम के बीच अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली से अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने नवादा आ रहे एक युवक को महाबोधि एक्सप्रेस में नशाखुरानी गिरोह ने अपना शिकार बना लिया। बदमाशों ने पहले युवक को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया, फिर उसके पास मौजूद नकदी, सामान और कीमती वस्तुएं लूटकर फरार हो गए। युवक बाद में ट्रेन में अचेत और बिना कपड़ों के बरामद हुआ। इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर रेलवे में सक्रिय नशाखुरानी गिरोह की पोल खोल दी है।
पीड़ित युवक की पहचान निवास कुमार के रूप में हुई है। वह दिल्ली से नवादा अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। परिवार पहले से ही शोक में डूबा था, लेकिन रास्ते में हुई इस वारदात ने चिंता और बढ़ा दी।
निवास कुमार की पत्नी ने बताया कि मुगलसराय स्टेशन पहुंचने से करीब 15 मिनट पहले उनकी पति से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस दौरान उन्होंने कहा था कि ट्रेन जल्द ही मुगलसराय पहुंचने वाली है और वहां पहुंचकर दोबारा बात करेंगे। लेकिन इसके कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया।
पत्नी ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन हर बार फोन स्विच ऑफ मिला। जब काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने ऑनलाइन ट्रेन की लोकेशन देखी। ट्रेन गया पार कर चुकी थी, जिससे उनकी बेचैनी और बढ़ गई। इसी बीच लखीसराय से एक फोन आया, जिसने पूरे परिवार के होश उड़ा दिए।
फोन करने वाले ने बताया कि निवास कुमार ट्रेन में अचेत अवस्था में पड़े मिले हैं और उनके शरीर पर कपड़े तक नहीं हैं। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें ट्रेन से उतारकर इलाज के लिए भेजा गया। बाद में उन्हें नवादा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि नशाखुरानी गिरोह ने युवक को बेहोश कर उसके पास मौजूद नकदी, मोबाइल, सामान और अन्य कीमती वस्तुएं लूट लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आसानी से फरार हो गए।
इस मामले में रेलवे पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किस स्टेशन के आसपास नशाखुरानी गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया। रेलवे में सक्रिय ऐसे गिरोह पहले भी कई यात्रियों को अपना निशाना बना चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद इन पर पूरी तरह शिकंजा नहीं कस पाया है। ऐसे में यात्रियों को सफर के दौरान अजनबियों से खाने-पीने की कोई भी चीज स्वीकार नहीं करने की सलाह दी जा रही है।
रिपोर्ट- अमन कुमार