Patna Crime: पटना में खूनी तकरार, विवाद सुलझाने पहुंचे बुजुर्ग को अपराधियों ने पीछे से मारी गोली, इलाके में तनाव

Patna Crime: विवाद शांत कराने पहुंचे एक बुजुर्ग को बदमाशों ने पीछे से गोली मार दी।...

Patna Barh Pandarak Elderly Man Shot in Temple While Settlin
पटना में खूनी तकरार- फोटो : social Media

Patna Crime: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में दो पक्षों के बीच मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। पंडारक थाना क्षेत्र के टांड़ापर गांव में आपसी तकरार के बीच फायरिंग से सनसनी फैल गई। आरोप है कि विवाद शांत कराने पहुंचे एक बुजुर्ग को बदमाशों ने पीछे से गोली मार दी। गोली उनकी कनपटी में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के मुताबिक टांड़ापर गांव में किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी चल रही थी। इसी दौरान बुजुर्ग रविंद्र यादव का भतीजा वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला गरमाने लगा।

भतीजे के साथ विवाद की खबर मिलते ही रविंद्र यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने की कोशिश की और किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद वह अपने भतीजे के साथ घर की ओर लौटने लगे।

आरोप है कि इसी दौरान हमलावर ने पीछे से फायरिंग कर दी। गोली सीधे रविंद्र यादव की कनपटी में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर चीख-पुकार मच गई। अचानक हुई फायरिंग से गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े। गंभीर रूप से घायल रविंद्र यादव को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद टांड़ापर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अब फायरिंग करने वाले हमलावरों की पहचान, गोली चलाने की वजह और दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि हमलावर ने बुजुर्ग को ही निशाना बनाकर गोली चलाई थी या वह दो गुटों के बीच चल रहे विवाद की चपेट में आ गए। पुलिस घटनास्थल से मिले सुराग और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की तफ्तीश में जुटी है।विवाद सुलझाने पहुंचे बुजुर्ग पर पीछे से गोली चलाने की इस वारदात ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के सामने अब चुनौती है कि फरार आरोपियों को जल्द दबोचकर इस खूनी वारदात की पूरी हकीकत सामने लाई जाए।