Patna Crime: दानापुर में भड़का हंगामा, प्रोफेसर पर छात्रा से बदतमीजी का संगीन आरोप, पुलिस की हिरासत पर छात्रों ने जमकर काटा गदर

Patna Crime:स्नातक की परीक्षा के दौरान एक प्रोफेसर पर छात्रा के साथ बदतमीजी और अमर्यादित आचरण करने का आरोप लगा।...

Patna commotion erupted in Danapur with a professor facing s
प्रोफेसर पर छात्रा से बदतमीजी का संगीन आरोप- फोटो : social Media

Patna Crime: पटना से सटे दानापुर के प्रतिष्ठित बीएस कॉलेज में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्नातक की परीक्षा के दौरान एक प्रोफेसर पर छात्रा के साथ बदतमीजी और अमर्यादित आचरण करने का आरोप लगा। इस खता के विरोध में छात्रों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने कॉलेज परिसर से लेकर सड़क तक जमकर 'बवाल' काटा।

दरअसल, कॉलेज में स्नातक की परीक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान एक शिक्षक पर छात्रा के साथ छेड़खानी और दुर्व्यवहार करने का इल्जाम लगा। यह खबर जंगल में आग की तरह फैली और देखते ही देखते सभी परीक्षार्थी एकजुट होकर 'हंगामे' पर उतारू हो गए।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंची, लेकिन मामले को शांत कराने के बजाय पुलिस ने एक छात्र को अपनी अभिरक्षा में ले लिया।

साथी छात्र की गिरफ्तारी से आक्रोशित छात्र भड़क उठे। उन्होंने दानापुर गांधी मैदान मुख्य मार्ग को करीब डेढ़ घंटे तक 'जाम' कर दिया। इस दौरान यातायात पूरी तरह ठप रहा और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

गुस्से से तमतमाए छात्रों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपने साथी को तुरंत रिहा करने की जिद पर अड़ गए। छात्रों का आक्रोश इस कदर था कि उन्होंने पुलिस की गाड़ी को भी कॉलेज परिसर से बाहर निकलने नहीं दिया और उसे बंधक बना लिया।

 बीएस कॉलेज के प्राचार्य श्यामदेव पासवान ने इस फसाद पर सफाई देते हुए बताया कि 30 तारीख को परीक्षा के दौरान अनुशासनहीनता बरत रहे कुछ बाहरी छात्रों को परिसर से बाहर निकाला गया था, जिसपर एक छात्रा ने हंगामा किया था। शनिवार को परीक्षा के आखिरी दिन पुलिस एक संदिग्ध परीक्षार्थी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी, जिसके बाद छात्र उग्र हो गए।

आखिरकार, हालात को काबू से बाहर जाते देख पुलिस के आला अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। उन्होंने उग्र छात्रों को काफी मिन्नत और समझौते के बाद शांत कराया और हिरासत में लिए गए छात्र को रिहा कर दिया, तब जाकर डेढ़ घंटे बाद यह बवाल शांत हुआ। फिलहाल कॉलेज में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।