Patna Crime: पटना के पॉश फ्लैट में शादी से पहले रहस्यमयी खुदकुशी, सवालों के घेरे में मोहब्बत, इश्क के इंतजार में मौत
Patna Crime: इश्क और ख्वाबों के बीच एक नौजवान लड़की की जिंदगी का खौफनाक अंत हो गया।....
Patna Crime: बिहार की राजधानी पटना के पॉश इलाके श्रीकृष्णापुरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इश्क और ख्वाबों के बीच एक नौजवान लड़की की जिंदगी का खौफनाक अंत हो गया। भागलपुर की रहने वाली 25 साल की छात्रा, जो प्रतियोगी इम्तिहान की तैयारी में जुटी थी, संदिग्ध हालात में अपने कमरे में फंदे से झूलती मिली। यह पूरा मामला अब पुलिस की नजर में एक मिस्ट्री केस बन चुका है।
मिली जानकारी के मुताबिक, युवती कस्तूरबा नगर स्थित एक फ्लैट में रहती थी, जबकि उसका आशिक उसी मकान के दूसरे फ्लैट में डेरा डाले हुए था। दोनों के दरमियान मोहब्बत गहरी थी और जल्द ही शादी की तैयारी भी चल रही थी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। शुक्रवार की रात करीब डेढ़ बजे तक दोनों के बीच बातचीत हुई सब कुछ आम बताया जा रहा है। इसके बाद युवती अपने कमरे में चली गई, और फिर जो हुआ, उसने सबको सन्न कर दिया।
शनिवार सुबह जब प्रेमी ने दरवाजा खटखटाया और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो उसके दिल में अनहोनी का खौफ बैठ गया। मोहल्ले के लोगों को बुलाया गया, दरवाजा तोड़ा गया, और अंदर का मंजर देखकर हर किसी की रूह कांप उठी युवती फंदे से लटकी हुई थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर दीघा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत करार दे दिया।हैरानी की बात यह है कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मौत की वजह साफ हो सके। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर हर सबूत खंगाला जा रहा है। अब इस केस में प्रेमी भी जांच के दायरे में है उससे लगातार पूछताछ हो रही है।
पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैट की तहकीकात कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खुदकुशी है या इसके पीछे कोई और राज छिपा है। फिलहाल, परिवार के बयान का इंतजार है। सवाल यही है क्या यह इश्क का अंजाम है या किसी साजिश की शुरुआत?