Patna Crime: धोखाधड़ी-जालसाजी के मामलों में फरार अमीम आलम गिरफ्तार, मर्सडीज और 2 आईफोन बरामद

Patna Crime: धोखाधड़ी, जालसाजी और बिजली चोरी अधिनियम समेत कई आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी अमीम आलम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।...

Patna Fraud Accused Amim Alam Arrested
अमीम आलम गिरफ्तार- फोटो : social Media

Patna Crime: फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी, जालसाजी और बिजली चोरी अधिनियम समेत कई आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी अमीम आलम को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो एप्पल मोबाइल फोन और एक मर्सडीज कार बरामद की है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

फुलवारीशरीफ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 ने बताया कि अमीम आलम के खिलाफ फुलवारीशरीफ समेत पटना के अलग-अलग थानों में कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस को लंबे अरसे से उसकी तलाश थी। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के अलावा बिजली चोरी अधिनियम के तहत भी प्राथमिकी दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ आठ से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, इसी बीच टीम को गुप्त सूचना मिली कि लंबे समय से फरार चल रहा अमीम आलम अपने घर रानीपुर आया हुआ है। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में फुलवारीशरीफ थानाध्यक्ष के साथ डीआईयू पश्चिमी पटना के पुलिसकर्मी भी शामिल थे।

सूचना की तस्दीक करने के बाद पुलिस टीम ने रानीपुर स्थित ठिकाने पर दबिश दी। अचानक हुई कार्रवाई से आरोपी को संभलने का मौका नहीं मिला और पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जावेद आलम के पुत्र अमीम आलम के रूप में हुई है। वह फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के रानीपुर स्थित एचबी टावर, वाल्मी का निवासी बताया गया है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से दो एप्पल मोबाइल फोन और मर्सडीज कार जब्त की है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क, दर्ज मामलों तथा कथित गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े मामलों में उसके साथ और कौन लोग शामिल रहे हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारी चल रही है।