पटना जंक्शन पर भीड़ में यात्रियों को निशाना बनाने वाले चोर गैंग का पर्दाफाश, मिले चोरी के मोबाइल
Patna Crime: पुलिस ने चोरों के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
Patna Crime: पटना जंक्शन पर रेल पुलिस ने चोरों के एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से सात स्मार्टफोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल और सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के कई सदस्य पहले भी जेल जा चुके हैं और इनके खिलाफ अलग-अलग थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह कार्रवाई शुक्रवार रात प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर की गई। रेल थाना पटना जंक्शन की पुलिस टीम सब-इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार सिंह के नेतृत्व में गश्त और निगरानी के लिए निकली थी। पुलिस दल ने आरपीएफ कर्मियों के साथ प्लेटफॉर्म, बुकिंग काउंटर और सर्कुलेटिंग एरिया में निगरानी शुरू की।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 9:20 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पश्चिमी छोर स्थित आरओबी के नीचे सात लोग संदिग्ध हालत में बैठे बातचीत करते दिखाई दिए। इनमें एक महिला भी शामिल थी। पुलिस की नजर पड़ते ही सभी वहां से भागने लगे।पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और सभी सातों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उनके पास मौजूद सामान के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी में अलग-अलग कंपनियों के सात बंद मोबाइल फोन बरामद किए गए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार उर्फ लंगवा (19), गौतम पासवान (25), शलम बेबी देवी (20), सोनू कुमार (20), नितीश कुमार (19), रंजन कुमार (19) और प्रदीप मोंगिया (20) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शलम बेबी देवी गौतम पासवान की पत्नी है, जबकि प्रदीप मोंगिया मध्य प्रदेश का रहने वाला बताया गया है।पुलिस ने इनके पास से ओप्पो, वीवो और रियलमी कंपनियों के सात स्मार्टफोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल के संबंध में आरोपियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। पूछताछ में पुलिस को इनके गिरोह के काम करने के तरीके के बारे में भी जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल फोन तथा सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ करते थे। चोरी किए गए मोबाइल और अन्य सामान को बेचकर मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल नशे और जुए में करने की बात भी सामने आई है।पुलिस का दावा है कि गिरोह के कई सदस्य पहले भी जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ रेल थाना पटना जंक्शन सहित अन्य थानों में चोरी, मादक पदार्थ और दूसरी आपराधिक धाराओं में पुराने मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है।
रेल पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। बरामद सामान की जब्ती सूची तैयार की गई और गिरफ्तार आरोपियों के परिजनों को भी इसकी सूचना दी गई।रेल पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, चोरी के मोबाइल के वास्तविक मालिकों और पूर्व की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने पटना जंक्शन के अलावा दूसरे रेलवे स्टेशनों पर कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।पटना जंक्शन जैसे व्यस्त रेलवे स्टेशन पर सात संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद रेल पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर निगरानी और सख्त करने के संकेत दिए हैं। थानाध्यक्ष ने कहा है कि रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट- रंजीत कुमार