Bihar Corruption: बिहार में भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा, अधिकारियों के घरों से करोड़ों की नगदी-गहने बरामद

Bihar Corruption: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी और अन्वेषण एजेंसियों की कार्रवाई ने सियासी और प्रशासनिक गलियारों में भूचाल ला दिया है। ...

Major Corruption Bust in Bihar
बिहार में भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा- फोटो : X

Bihar Corruption: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी और अन्वेषण एजेंसियों की कार्रवाई ने सियासी और प्रशासनिक गलियारों में भूचाल ला दिया है। पिछले 14 महीनों में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) और आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने कुल 232 से अधिक मुकदमे दर्ज किए। इनमें घूसखोरी, पद का दुरुपयोग और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले शामिल हैं। औसतन हर डेढ़ दिन पर एक नया भ्रष्टाचार मामला सामने आया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि सरकारी तंत्र में गड़बड़ी की जड़ें कितनी गहरी हैं।

जानकारी के अनुसार 150 से अधिक मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान अधिकारियों के घरों से करोड़ों रुपये की नगदी और लाखों रुपये के आभूषण बरामद हुए। जनवरी 2025 से अब तक निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 152, एसवीयू ने 37 और ईओयू ने 43 मामले दर्ज किए हैं। इनमें आईएएस अधिकारियों से लेकर वरिष्ठ इंजीनियर, अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं।

बेतिया डीईओ रजनीकांत प्रवीण से 3.55 करोड़ नकद और 2.75 करोड़ की जमीन के कागजात, बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी मुमुक्षु कुमार चौधरी के आवास से 2 करोड़ नकद, भवन निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता तारिणी कुमार दास के घर से 8.57 करोड़ रुपये, नालंदा के जिला परिवहन अधिकारी अनिल कुमार दास के घर से 2 करोड़ रुपये के आभूषण बरामद।

इसके अतिरिक्त बीएमएसआईसीएल के डीजीएम पंकज कुमार से 32 लाख रुपये और 1.31 करोड़ के गहने, ग्रामीण कार्य विभाग के अधीक्षण अभियंता विनोद राय से 52 लाख रुपये, मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी सुधीर कुमार से 14 लाख नकद और 1.06 करोड़ के आभूषण, संभागीय वन पदाधिकारी सुबोध कुमार गुप्ता के घर से 1295 डॉलर विदेशी मुद्रा और 22 लाख के आभूषण बरामद हुए।

डीएसपी मुख्यालय संजीव कुमार के परिवार से 11 ट्रक और एक बीघा कॉमर्शियल जमीन, तिरहुत आरडीडीइ बीरेंद्र नारायण के घर से 15 लाख नकद और 25 जमीन के दस्तावेज, विद्युत कार्यपालक अभियंता प्रणव कुमार के घर से 6 लाख नकद और 23 जमीन के कागजात, उत्पाद अधीक्षक अनिल कुमार आजाद के घर से 60 लाख की ज्वेलरी और 10 जमीन के कागज, भवन निर्माण निदेशक गजाधर मंडल के घर से 3.42 करोड़ की जमीन के कागजात और बेतिया जिला शिक्षा परियोजना कार्यालय के सहायक अभियंता रौशन कुमार के घर से 42.50 लाख रुपये बरामद हुए।

इसी प्रकार कटिहार के मनिहारी की लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्वेता मिश्रा के घर से 22.44 लाख रुपये जब्त किए गए। इस व्यापक कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि बिहार में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हैं, लेकिन जांच एजेंसियों की सतत सक्रियता ने इस गठरी को बेनकाब कर दिया है।