Patna Crime: शादी की जिद बनी जानलेवा, प्रेमिका के घर पहुंचा आशिक, फायरिंग के बाद छत से गिरकर मौत, इलाके में सनसनी

Patna Crime: पटना में एकतरफा मोहब्बत और शादी की ज़िद ने ऐसा खौफनाक मोड़ ले लिया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

Patna Marriage Obsession Turns Fatal Man Dies After Rooftop
शादी की जिद बनी जानलेवा- फोटो : social Media

Patna Crime: पटना में एकतरफा मोहब्बत और शादी की ज़िद ने ऐसा खौफनाक मोड़ ले लिया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। राजीव नगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर 8B/2 स्थित अनिकेत भवन के पास रविवार दोपहर एक युवक अपनी प्रेमिका के घर पहुंचा। आरोप है कि वह युवती पर शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था। युवती के इंकार से बौखलाया युवक घर में घुस गया, जहां घटनाक्रम ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया।

मृतक की पहचान मोतिहारी निवासी प्रियेश रंजन (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रियेश और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच युवती की विश्वेश्वरैया भवन में सरकारी नौकरी लग गई। इसके बाद युवक लगातार उस पर शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती बार-बार रिश्ते से इनकार कर रही थी।

बताया जा रहा है कि रविवार को युवती घर पर मौजूद नहीं थी। इसी दौरान प्रियेश उसके घर पहुंच गया। घर की छत पर युवती का भाई अखिलेख उर्फ राजू (26) टहल रहा था। आरोप है कि उसे देखते ही प्रियेश ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली अखिलेख की बांह में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज़ से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।

इसी दौरान घटनास्थल पर ऐसा घटनाक्रम हुआ कि आरोपी प्रियेश छत से नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।

घायल अखिलेख को आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक गोली का खोखा बरामद किया है, जिन्हें कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में मामला प्रेम प्रसंग और शादी के दबाव से जुड़ा सामने आया है। हालांकि छत से गिरने की परिस्थितियों और फायरिंग के पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा और सभी पहलुओं पर कार्रवाई की जाएगी।