Patna Crime:पटना में बदमाशों का कहर, घर में घुसकर मचाया तांडव, घर की तबाही से दहशत में परिवार, तफ्तीश में जुटी पुलिस

Patna Crime: पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। हालात ऐसे बनते दिख रहे हैं कि आम लोगों के दिलों में खौफ घर कर गया है। ...

Patna Miscreants Ransack House Destroy
पटना में बदमाशों का कहर- फोटो : reporter

Patna Crime: पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। हालात ऐसे बनते दिख रहे हैं कि आम लोगों के दिलों में खौफ घर कर गया है। ताजा मामला दिदारगंज थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव से सामने आया है, जहां कुछ बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला के घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़, उत्पात और गुंडागर्दी की। देखते ही देखते खप्परनुमा मकान को तहस-नहस कर दिया गया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है, जबकि पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता माला देवी कई वर्षों से महमदपुर में अपने खप्परनुमा मकान में रह रही हैं। आरोप है कि अचानक करीब पांच बदमाश हथियारनुमा औजार लेकर उनके घर में घुस आए। सभी के हाथों में कुदाल, लोहे की रॉड और डंडे थे। घर में दाखिल होते ही उन्होंने जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। बदमाशों के तेवर इतने आक्रामक थे कि माला देवी और उनके साथ मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए फौरन घर से बाहर निकल गए।

बदमाशों ने घर के अंदर लगे पंखे और अन्य सामान को भी नहीं छोड़ा। इसके बाद मकान के सामने मवेशियों को बांधने के लिए बनाई गई दोनों प्लानि को भी पूरी तरह जमींदोज़ कर दिया। कुछ ही मिनटों में पूरा आशियाना उजाड़ दिया गया। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के लोग भी सहम गए।

पीड़िता माला देवी का आरोप है कि हमला करने वाले सभी लोग गांव के ही रहने वाले हैं और उन्होंने पूरी साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। महिला ने बताया कि बदमाश बिना किसी डर के घर में घुसे और जो सामने आया उसे तोड़ते चले गए। विरोध करने की स्थिति ही नहीं बची क्योंकि सभी हमलावर हथियारनुमा औजारों से लैस थे।

घटना की सूचना मिलते ही दिदारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़िता और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश, ज़मीन विवाद या कोई अन्य वजह है। अब सभी की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर इस तोड़फोड़ और दबंगई के पीछे शामिल आरोपियों पर कब शिकंजा कसता है और पीड़ित परिवार को इंसाफ कब मिलता है।

रिपोर्ट- रजनीश कुमार