Bihar Crime: मोकामा के गणेश मेले में बवाल, दो पक्ष भिड़े, पुलिस से भी हाथापाई, 2 गिरफ्तार
Bihar Crime: मोकामा थाना क्षेत्र के कन्हैपुर गांव में गणेश पूजा के मौके पर लगे मेले में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। ...
Bihar Crime: मोकामा थाना क्षेत्र के कन्हैपुर गांव में गणेश पूजा के मौके पर लगे मेले में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते मेले का माहौल अफरा-तफरी और हंगामे में बदल गया। घटना की इत्तिला मिलते ही मोकामा थाना में तैनात एएसआई बबलू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात काबू करने की कोशिश शुरू की।
बताया जाता है कि विवाद पंचायत के सरपंच और कन्हैया पासवान के बीच शुरू हुआ। मारपीट के बाद कन्हैया पासवान पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचा। इसी दौरान दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया। पुलिस दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास कर रही थी, तभी कथित तौर पर कन्हैया पासवान की पुलिसकर्मियों से भी हाथापाई हो गई।
घटना के दौरान कुछ उपद्रवी और आरोपियों के पुलिस से भिड़ने की बात भी सामने आई है। पुलिस और लोगों के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद गांव में भी लोगों की भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मामले में मोकामा थाना पुलिस ने तीन नामजद समेत 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को मौके से हिरासत में लिया है। अब पुलिस वायरल वीडियो और सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की तफ्तीश में जुटी है।
वहीं, कन्हैया पासवान की पत्नी ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी को लेकर उनके पति की पुलिस से झड़प हुई। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच के बाद ही तस्वीर साफ होने की बात कह रही है।
रिपोर्ट- रविशंकर