Patna NIA Raid: पटना में 3 दिन में दूसरी बार राष्ट्रीय जांच एजेंसी की रेड, दो फ्लैटों में मिला 20 लाख कैश और सोना,RSS दफ्तर पर हमले से जुड़ा है कनेक्शन

Patna NIA Raid: पटना में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने तीन दिनों के भीतर दूसरी बार बड़ी छापेमारी की है। ...

Patna NIA Raids Two Flats Cash and Gold Recovered
3 दिन में दूसरी बार राष्ट्रीय जांच एजेंसी की रेड- फोटो : social Media

Patna NIA Raid: पटना में राष्ट्रीय जांच एजेंसी  ने तीन दिनों के भीतर दूसरी बार बड़ी छापेमारी की है। बुधवार सुबह जांच एजेंसी की करीब आठ सदस्यीय टीम चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट पहुंची। यहां संदीप के नाम से लिए गए फ्लैट नंबर 1206 और 609 में तलाशी अभियान चलाया गया। सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान 20 लाख रुपये से अधिक नकदी और करीब 40 से 45 लाख रुपये मूल्य का सोना बरामद होने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए STF की टीम को भी बुलाया गया।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई झारखंड की राजधानी रांची में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम से किए गए हमले की कोशिश के मामले से जुड़ी है। इस प्रकरण में दिल्ली से एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी की टीम पटना पहुंची। सदर SDPO-1 मनोज कुमार ने भी बताया कि रांची आरएसएस कार्यालय हमले के मामले में मिले इनपुट के आधार पर संदीप के दोनों फ्लैटों की तलाशी ली गई।

 8 सितंबर को भी इसी अपार्टमेंट में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने छापेमारी की थी। उस दौरान करीब 20 लाख रुपये नकद के साथ एक युवक को पकड़े जाने की बात सामने आई थी। इसकी सूचना इनकम टैक्स विभाग को भी दी गई थी। सूत्रों के अनुसार, उसी कार्रवाई के दौरान फ्लैट नंबर 609 से एक मोस्टवांटेड आरोपी को भी हिरासत में लेकर राष्ट्रीय जांच एजेंसी अपने साथ ले गई थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पिछली कार्रवाई के दौरान NIA की टीम कथित तौर पर एक फ्लैट की तलाशी के लिए पहुंची थी, लेकिन गलती से दूसरे फ्लैट में प्रवेश कर गई। टीम को देखकर वहां मौजूद युवक घबरा गया और नीचे उतरकर भागने लगा। अपार्टमेंट के बाहर पहले से एसटीएप और चित्रगुप्त नगर पुलिस तैनात थी। स्कूटी से फरार होने की कोशिश के दौरान उसे दबोच लिया गया। स्कूटी की डिक्की में रखे झोले से करीब 20 लाख रुपये बरामद होने की बात कही गई।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक की पहचान अनमोल कुमार मोदी के रूप में हुई, जो पूर्वी चंपारण के चकिया वार्ड नंबर-7 का निवासी बताया गया है।