पटना के बाढ़ में 'जहरीली शराब' कांड ! 4 लोगों की हालत बेहद खराब, मुंह से निकला झाग
जानकारी के अनुसार, चारों व्यक्ति एक साथ बैठकर खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। ग्रामीणों की ओर से शराब पीने की बात कही जा रही है, जिसके बाद जहरीली शराब पीने की आशंका जताई जा रही है।
Bihar News : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में चार लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव की बताई जा रही है। चारों लोगों को गंभीर हालत में अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। बीमार लोगों की पहचान विकास, शशि, पंकज और रिशु के रूप में हुई है। चारों बाढ़ के बेढ़ना गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि चारों की हालत अचानक बिगड़ी और उनके मुंह से झाग निकलने लगा। अनुमंडलीय अस्पताल के डॉक्टर के मुताबिक, सभी की तबीयत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन के कारण खराब होने की आशंका है। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने बिना देर किए सभी को पटना रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चारों व्यक्ति एक साथ बैठकर खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। ग्रामीणों की ओर से शराब पीने की बात कही जा रही है, जिसके बाद जहरीली शराब पीने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन या पुलिस की ओर से अभी तक शराब पीने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

फिलहाल चारों का इलाज पटना में कराया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। शराब या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से तबीयत बिगड़ी है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
रविशंकर की रिपोर्ट