Patna Police: पटना में नशे के सौदागरों पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक,भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद, इलाके में दहशत
Patna Police: पटना में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स माफिया के नेटवर्क पर जोरदार शिकंजा कस दिया।
Patna Police: राजधानी पटना में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने शनिवार की देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स माफिया के नेटवर्क पर जोरदार शिकंजा कस दिया। दानापुर के खगौल इलाके में पुलिस की इस सर्जिकल स्ट्राइक से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की गई और दो संदिग्ध कारोबारियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, पटना पुलिस को काफी दिनों से खगौल के नैनचक इलाके में नशे के अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिल रही थी। पुलिस को शक था कि इलाके में ड्रग्स तस्करों का एक बड़ा गिरोह सक्रिय है, जो चोरी-छिपे ब्राउन शुगर की सप्लाई कर रहा है। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस की स्पेशल टीम ने पूरी प्लानिंग के साथ देर रात छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने नैनचक के पानी टंकी के पास स्थित एक मकान पर धावा बोला, जो कथित तौर पर कल्लू पासवान का घर बताया जा रहा है। तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 5 किलो अवैध ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो लोगों को धर दबोचा, जबकि मुख्य आरोपी का बेटा पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
इस बड़ी बरामदगी के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है और इस नशे के धंधे से जुड़े पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस का साफ कहना है कि राजधानी में नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।