पटना पुलिस ने बड़ी आपराधिक साजिश को किया नाकाम, 4.60 लाख कैश और हथियारों के साथ 4 कुख्यात को किया गिरफ्तार

पटना पुलिस की मुस्तैद और सतर्क कार्रवाई से मनेर थाना क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की अपराधियों की साजिश नाकाम हो गई। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सघन वाहन चेकिंग चलाकर एक टेम्पो से भाग रहे चार कुख्यात बदमाशों को दबोच लिया....

पटना पुलिस ने बड़ी आपराधिक साजिश को किया नाकाम, 4.60 लाख कैश
पटना पुलिस ने बड़ी आपराधिक साजिश को किया नाकाम- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और सतर्कता से राजधानी में होने वाली एक बड़ी आपराधिक वारदात को नाकाम कर दिया है। मनेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने जाल बिछाकर एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए चार शातिर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से भारी मात्रा में नगद राशि और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। इस कामयाबी से पुलिस ने इलाके में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को एक बड़ा झटका दिया है।


विशेष छापेमारी टीम का हुआ गठन

घटना के संबंध में बताया जाता है कि मनेर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कुख्यात अपराधी अपने कुछ सहयोगियों के साथ ग्राम छिहतरी स्थित महावीर टोला गंगा नदी घाट की ओर जाने वाला है। वे सभी अवैध हथियारों से लैस थे और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देशन पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (दानापुर 02) एवं थानाध्यक्ष मनेर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।


वाहन चेकिंग के दौरान भागने का प्रयास

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (दानापुर 02) अमरेंद्र कुमार झा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गठित टीम ने बिना वक्त गंवाए सुनियोजित तरीके से मनेर के तिवारी पेट्रोल पंप के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध टेम्पो वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। टेम्पो पर सवार चारों व्यक्ति पुलिस बल को सामने देखकर घबरा गए और गाड़ी से उतरकर भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों तरफ से घेराबंदी कर उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया।


भारी मात्रा में कैश और आग्नेयास्त्र बरामद

पकड़े गए चारों संदिग्धों की जब मौके पर ही सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। अपराधियों के पास से 02 देशी कट्टा, 06 जिंदा कारतूस, 04 मोबाइल फोन और 4,60,000 (चार लाख साठ हजार रुपये) की भारी-भरकम नगद राशि बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत हथियारों, रुपयों और घटना में इस्तेमाल किए जा रहे टेम्पो को जब्त कर लिया और चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर थाने ले आई।


एक आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास, जांच जारी

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में से एक आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह कई मामलों में वांछित था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी नगद राशि कहां से लाई जा रही थी और वे किस बड़ी घटना को अंजाम देने वाले थे। मनेर थाने में संबंधित धाराओं के तहत नया कांड दर्ज कर लिया गया है और अपराधियों के पूरे गिरोह को खंगालने के लिए आगे की विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


अनिल की रिपोर्ट