पटना में साइबर ठगी के नेटवर्क पर STF का बड़ा एक्शन, तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, साइबर ठगी से जुड़े संदिग्धों के इन ठिकानों पर छिपे होने और वहीं से ठगी का नेटवर्क संचालित किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी।
Bihar News : राजधानी पटना में साइबर ठगी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस ने बुधवार को एक साथ तीन ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। पटना एसटीएफ, स्थानीय थाना पुलिस और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने राजा बाजार, बोरिंग रोड और पत्रकार नगर स्थित अपार्टमेंट में कार्रवाई की। इस दौरान करीब 30 से 32 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। पुलिस को छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज भी मिले हैं। हालांकि, बरामद दस्तावेजों और हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका को लेकर आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
जानकारी के मुताबिक, साइबर ठगी से जुड़े संदिग्धों के इन ठिकानों पर छिपे होने और वहीं से ठगी का नेटवर्क संचालित किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद अधिकारियों ने एक साथ तीन स्थानों पर कार्रवाई की रणनीति बनाई। छापेमारी में 30 से अधिक पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। टीम में एसडीपीओ स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं।
राजा बाजार से बोरिंग रोड तक पुलिस की कार्रवाई
पुलिस की एक टीम राजा बाजार स्थित मछली गली के सुशीला रेजिडेंसी अपार्टमेंट पहुंची। यहां करीब 30 से 40 पुलिसकर्मियों ने जांच शुरू की। दूसरी टीम बोरिंग रोड की मोंटेसरी गली स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट में छानबीन कर रही है। वहीं, तीसरी टीम पत्रकार नगर इलाके के साईं कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट में कार्रवाई कर रही है। तीनों स्थानों पर अचानक पुलिस की टीम पहुंचने से आसपास के इलाकों में हलचल मच गई। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ करने के साथ ही ठगी के नेटवर्क से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की तलाश कर रही है।
30 से ज्यादा लोग हिरासत में
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, तीनों ठिकानों पर हुई कार्रवाई में करीब 30 से 32 लोगों को हिरासत में लिया गया है। कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस इन दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि साइबर ठगी के नेटवर्क, उसके संचालन और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
फिलहाल छापेमारी जारी है। पुलिस की ओर से बरामद सामान, हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान और उनकी संलिप्तता को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही इस नेटवर्क के आकार और उससे जुड़े लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अनिल की रिपोर्ट