Patna Crime: पटना में खौफनाक वारदात, हिल स्टेशन पर घूमाने निकले प्रेमी ने प्रेमिका को चलती ट्रेन से फेंका

Patna crime: प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमी ने बड़े कांड को अंजाम दिया है....

Patna crime

Patna Crime: पटना के फुलवारीशरीफ रेलवे स्टेशन के पास एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि 19 वर्षीय युवक ने अपनी 15 वर्षीय कथित प्रेमिका को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। हादसे में किशोरी बुरी तरह जख्मी हो गई। उसके चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। मामले में जीआरपी पटना ने किशोरी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।

जीआरपी पटना के प्रभारी एसएचओ मनोज कुमार के मुताबिक, भोजपुर के संदेश थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कई महीनों से हाजीपुर में युवक के साथ रह रही थी। किशोरी के अनुसार, बुधवार को युवक ने उसे दिल्ली ले जाने और वहां से किसी हिल स्टेशन पर घूमने की बात कही। इसके बाद वह उसे हाजीपुर से पटना जंक्शन लेकर आया।

किशोरी के बयान के मुताबिक, युवक ने उसे शाम करीब छह बजे एक लोकल ट्रेन में बैठाया और कहा कि आगे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन की तरफ जाकर दिल्ली के लिए ट्रेन पकड़ी जाएगी। इसी दौरान फुलवारीशरीफ स्टेशन के पास युवक ने किशोरी को ट्रेन के गेट पर बुलाया। आरोप है कि चलती ट्रेन में ही उसने उसे धक्का देकर नीचे फेंक दिया।

गंभीर रूप से घायल किशोरी ने पुलिस को आशंका जताई कि युवक उससे पीछा छुड़ाना चाहता था और इसी वजह से उसने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

जीआरपी ने किशोरी के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फिलहाल किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। पुलिस आरोपी युवक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी में है। मामले की तफ्तीश जारी है।

रिपोर्ट- अनिल कुमार