Bihar Crime: बिहार-झारखंड में हथियारों का खेल बेनकाब, एसटीएफ ने दो मिनीगन फैक्ट्रियों को किया ध्वस्त

Bihar Crime: अपराधियों पर नकेल कसने की मुहिम के तहत बिहार एसटीएफ ने झारखंड पुलिस के साथ मिलकर अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।...

Patna Two Illegal Mini Gun Factories Busted

Bihar Crime: अपराधियों पर नकेल कसने की मुहिम के तहत बिहार एसटीएफ ने झारखंड पुलिस के साथ मिलकर अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त अभियान में झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा और बिहार के पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में चल रही दो अलग-अलग मिनीगन फैक्ट्रियों का उद्भेदन किया गया। छापेमारी के दौरान देसी व अर्द्धनिर्मित हथियारों के साथ बड़ी संख्या में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए। दोनों मामलों में कई आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

एसटीएफ की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, गोड्डा के महागामा थाना क्षेत्र स्थित घाट बलिया गांव में बिहार एसटीएफ और झारखंड पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर मिनीगन फैक्ट्री का संचालन करने वाले कारीगर हराधन मिर्धा को गिरफ्तार किया गया। मौके से एक देशी बंदूक, एक अर्द्धनिर्मित पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

तलाशी के दौरान हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली लेथ मशीन, तीन मिलिंग मशीन, तीन ड्रिल मशीन, इलेक्ट्रिक वेल्डिंग मशीन और तीन मोबाइल समेत अन्य सामान भी जब्त किए गए। बरामद उपकरणों से पुलिस अब हथियार निर्माण और सप्लाई के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

दूसरी कार्रवाई पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बनारसी घाट गांव में हुई। यहां छापेमारी कर अवैध मिनीगन फैक्ट्री का खुलासा किया गया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में हथियार बनाने वाले कारीगर और कथित तस्करों समेत कौशल कुमार, रेखा देवी, गौरव कुमार पांडेय और सोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया।

इनके कब्जे से पांच अर्द्धनिर्मित कट्टे, 12 जिंदा कारतूस, तीन अर्द्धनिर्मित बैरल, तीन बेस मशीन, दो ग्राइंडर मशीन और 62 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं। एसटीएफ अब गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास, हथियारों की सप्लाई चेन और संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है

कुलदीप भारद्वाज की रिपोर्ट