पटना का कुख्यात ‘संतोष डॉन’ गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद, 31 आपराधिक मामले दर्ज
पटना पुलिस के मुताबिक, संतोष डॉन पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, रंगदारी के लिए हत्या, अपहरण, हथियार रखने और भू-माफिया से जुड़े करीब तीन दर्जन मामले दर्ज हैं।
Bihar Crime News: बिहार के टॉप कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल और पटना-नालंदा समेत आर्थिक अपराध इकाई में दर्ज मामलों के आरोपी संजय कुमार उर्फ संतोष कुमार उर्फ ‘संतोष डॉन’ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी/एसटीएडब्ल्यू-05बी ने एसओजी-01 के सहयोग से 18 जुलाई को कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी वरीय पुलिस उपाधीक्षक पंकज कुमार और पुलिस उपाधीक्षक अबु सैफी मुर्तजा के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए खुसरूपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्टल, एक मैग्जीन, तीन जिंदा कारतूस, एक घड़ी और 18,900 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, संतोष डॉन पर हत्या के प्रयास, रंगदारी, रंगदारी के लिए हत्या, अपहरण, हथियार रखने और भू-माफिया से जुड़े करीब तीन दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ खुसरूपुर, भागन बिगहा, सोहसराय, फतुहा और आर्थिक अपराध इकाई में वर्ष 2015 से 2026 तक कुल 31 मामले दर्ज हैं।
उसके खिलाफ 2026 में भी कई मामले दर्ज हुए हैं, जिनमें आर्थिक अपराध इकाई का मामला शामिल है। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास और अवैध संपत्ति से जुड़े मामलों की भी जांच कर रही है।
अनिल की रिपोर्ट