सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, 8 घंटे के भीतर पुलिस ने की कार्रवाई
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी को करीब दो घंटे के भीतर, जबकि दूसरे आरोपी को आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
Bihar News : पिपरा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के महज आठ घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए पीड़िता और गिरफ्तार आरोपियों का डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर 2026 की शाम पिपरा थाना क्षेत्र में दो युवकों द्वारा एक मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पीड़िता के परिजन के बयान के आधार पर पिपरा थाना में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पहले आरोपी को करीब दो घंटे के भीतर, जबकि दूसरे आरोपी को आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज पासवान (25), पिता विनोद पासवान और बबलू पासवान (24), पिता मंजय पासवान, दोनों निवासी पारथू गांव, पिपरा थाना क्षेत्र, पटना के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बबलू पासवान का पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। उसके खिलाफ पीपलवां थाना में वर्ष 2025 में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था। पुलिस अन्य थानों से भी दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
कार्रवाई में पिपरा थानाध्यक्ष प्रिन्स कुमार के साथ थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान को आगे बढ़ाया जा रहा है।
अनिल की रिपोर्ट