Bihar Crime: सुबह सुबह विधायक के घर पुलिस का सर्च ऑपरेशन, कार्रवाई से मचा हड़कंप

Bihar Crime: पुलिस की टीम ने DSP विनीता सिन्हा के नेतृत्व में विधायक के आवास पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया।...

 LJP MLA Amit Kumar Ranu
विधायक के आवास पर सर्च ऑपरेशन- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुजफ्फरपुर में जमीन कारोबार से जुड़े एक मामले ने अब सियासी गलियारों में भी हलचल तेज कर दी है। सीतामढ़ी के बेलसंड से लोजपा विधायक अमित कुमार रानू के मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया है। अहियापुर थाना क्षेत्र से जुड़े जमीन कारोबार के इस मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

पुलिस की टीम ने DSP विनीता सिन्हा के नेतृत्व में विधायक के आवास पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल की। जमीन के कारोबार से जुड़ा यह मामला अब धीरे-धीरे राजनीतिक रंग भी लेता दिखाई दे रहा है।

सियासी नजरिए से देखें तो किसी जनप्रतिनिधि के आवास पर पुलिस का सर्च ऑपरेशन अपने आप में बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई को लेकर अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि तलाशी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ और जांच की अगली दिशा क्या होगी।

अहियापुर थाना क्षेत्र में जमीन कारोबार को लेकर पहले से चल रही जांच के बीच विधायक के आवास तक पहुंची पुलिस की कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्षी खेमे की निगाहें भी अब इस पूरे मामले पर टिक गई हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के क्रम में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत सर्च ऑपरेशन किया गया है।

फिलहाल इस पूरे प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई जारी है और आने वाले दिनों में जांच से जुड़े और तथ्य सामने आने की संभावना है। विधायक की ओर से इस कार्रवाई पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद मामले की सियासी तस्वीर और साफ हो सकती है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा