Bihar Crime: हॉस्पीटल में भर्ती मां की आंखों के सामने उजड़ गई दुनिया,मेडिकल कॉलेज से दो मासूम अगवा, अस्पताल प्रबंधन पर उठ रहे गंभीर सवाल

Bihar Crime: महिला वार्ड में बीते 9 दिनों से जिंदगी और मौत से जूझ रही एक लाचार मां के दो मासूम बच्चों को दिनदहाड़े अगवा कर लिया गया।...

Bihar Crime: हॉस्पीटल में भर्ती मां की आंखों के सामने उजड़ ग
मेडिकल कॉलेज से दो मासूम अगवा- फोटो : X

Bihar Crime: महिला वार्ड में बीते 9 दिनों से जिंदगी और मौत से जूझ रही एक लाचार मां के दो मासूम बच्चों को दिनदहाड़े अगवा कर लिया गया। टीबी से पीड़ित गुड़िया देवी न बोल पाने की हालत में हैं, न उठ-बैठ सकती हैं। उनकी आंखों से बहते आंसू ही उनकी बेबसी और टूटे अरमानों की दास्तां बयां कर रहे हैं।पूर्णिया मेडिकल कॉलेज से इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। 

जानकारी के मुताबिक लाइन बाजार नया टोला की रहने वाली गुड़िया देवी, पति स्वर्गीय रामजी दास, 27 जनवरी से जीएमसीएच के महिला वार्ड में भर्ती हैं। उनके साथ उनकी 9 साल की बेटी शिवानी, 4 साल का बेटा शिवम और 3 साल की बेटी लक्ष्मी भी अस्पताल में ही रह रहे थे। सोमवार की शाम पीली साड़ी पहने दो महिलाएं वार्ड में दाखिल हुईं। उन्होंने मासूम शिवम और लक्ष्मी को बिस्किट दिलाने का झांसा देकर बाहर बुलाया और फिर उन्हें लेकर फरार हो गईं।

जब बच्चों का कहीं अता-पता नहीं चला तो अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर साफ दिखा कि दोनों महिलाएं बच्चों का हाथ थामे तेजी से अस्पताल परिसर से बाहर निकल रही हैं। घटना की खबर मिलते ही फणीश्वरनाथ रेणु टीओपी और के हाट थाना समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के रास्तों के कैमरे खंगालने शुरू कर दिए। पुलिस को संदिग्ध महिलाओं की फुटेज मिल गई है, लेकिन अब तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला।

गुड़िया देवी की जिंदगी पहले ही दर्द से लबरेज रही है। कटिहार के मिरचाईबाड़ी की रहने वाली गुड़िया के पति की टीबी से मौत हो चुकी है। ससुरालवालों ने ठुकराया, मकान मालिक ने निकाला, और हालात ने उन्हें फुटपाथ पर भीख मांगने को मजबूर कर दिया। अब बीमारी से जूझती इस मां के कलेजे के टुकड़े भी छिन गए।

बड़ी बेटी शिवानी ने बताया कि पीली साड़ी वाली महिलाएं पहले भी वार्ड में आती-जाती थीं और 210 रुपये देकर भाई-बहनों से घुलने-मिलने की कोशिश करती थीं। आशंका है कि कई दिनों से बच्चों की रेकी की जा रही थी। भीड़भाड़ वाले अस्पताल से बच्चों का यूं गायब हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन एक मां की सूनी गोद अब इंसाफ की राह तक रही है।