Bihar Crime: बिहार में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, बंद गेट के अंदर मिला शव, इलाके में तनाव

Bihar Crime: भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नेता की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई।...

Saharsa BJP Youth Leader Shot Dead
नेता की गोली मारकर हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime: सहरसा के वार्ड नंबर 15 में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अभिजीत सिंह राजपूत की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। 22 वर्षीय अभिजीत सिंह, स्वर्गीय हर्षवर्धन सिंह के पुत्र थे। वारदात के बाद उनका शव बंद गेट के अंदर बरामद हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में घटना रात करीब दो बजे के बाद की प्रतीत हो रही है। हत्या की परिस्थितियां बेहद गंभीर बताई जा रही हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका है कि युवक के चेहरे पर तकिया रखकर गोली मारी गई। मौके की स्थिति और शव की हालत को देखते हुए पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।

वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की कवायद शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह क्या थी और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अभिजीत सिंह की हत्या की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश का माहौल है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित सुरागों की जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस की तफ्तीश हत्या के कारण, वारदात की परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों की कड़ी जोड़ने पर केंद्रित है।

रिपोर्ट- छोटू सरकार