Bihar crime:थाने की सुरक्षा फेल, ड्यूटी में सो गई पुलिस, आरोपी फरार, मचा हड़कंप
Bihar crime: बिहार से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है।...
Bihar crime: बिहार से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। समस्तीपुर के दलसिंहसराय थाना में हिरासत में रखी गई एक महिला आरोपी रात के अंधेरे में चुपचाप फरार हो गई और पुलिसकर्मियों को भनक तक नहीं लगी।
मामला किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं। क्वेटा गांव की रहने वाली रनिता देवी को मारपीट के एक केस में पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया था। शिकायतकर्ता रितु कुमारी के आरोप पर पुलिस ने उसे हिरासत में रखा था और जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही थी। लेकिन इसी दौरान सिस्टम की सबसे बड़ी चूक सामने आ गई।
सूत्रों के मुताबिक, रात की ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी नींद के आगोश में थे। इसी मौके को भांपकर महिला आरोपी ने कस्टडी को ही अपना एस्केप रूट बना लिया। बिना किसी शोर-शराबे के वह थाने से ऐसे गायब हुई, जैसे कोई परछाई अंधेरे में खो जाती है। जैसे ही सुबह पुलिस की आंख खुली, थाने में हड़कंप मच गया। अफसरों के होश उड़ गए चारों तरफ फोन कॉल, सायरन और सर्च ऑपरेशन शुरू हो गया। आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है, लेकिन अब तक फरार महिला का कोई सुराग नहीं मिला है।
इस पूरे कांड ने पुलिस की ‘मुस्तैदी’ पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। आखिर थाने जैसी सुरक्षित जगह से कोई आरोपी कैसे फरार हो सकता है? क्या ये सिर्फ लापरवाही है या फिर अंदरखाने कोई सेटिंग का खेल भी चल रहा है? डीएसपी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
अब सवाल यही है क्या फरार आरोपी फिर सलाखों के पीछे पहुंचेगी या ये केस भी फाइलों में ठंडा पड़ जाएगा? फिलहाल, पुलिस की साख दांव पर है।