Bihar Pakadua Marriage: बिहार में फिर हुआ पकड़ौआ विवाह! नशीला पदार्थ देकर छात्र की जबरन शादी, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
एक 23 वर्षीय छात्र का कथित तौर पर ‘पकड़ौआ विवाह’ कराने का आरोप लगा है। दावा है कि युवक को नशीला पदार्थ देकर बेहोशी की हालत में शादी की रस्में जबरन अंजाम दी गईं।
Bihar Pakadua Marriage: बिहार के समस्तीपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने कानून-व्यवस्था और सामाजिक सोच दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र के चकरांजली गांव में एक 23 वर्षीय छात्र का कथित तौर पर ‘पकड़ौआ विवाह’ कराने का आरोप लगा है। दावा है कि युवक को नशीला पदार्थ देकर बेहोशी की हालत में शादी की रस्में जबरन अंजाम दी गईं। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
वायरल क्लिप में युवक की पहचान सुमित कुमार (बदला हुआ नाम) के रूप में बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक सुमित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और घटना वाले दिन लाइब्रेरी जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की। इसी दौरान खबर मिली कि गांव के कुछ लोगों ने उसे बंधक बना लिया है और जबरन विवाह कराया जा रहा है।
वीडियो फुटेज में शादी की रस्मों के दौरान युवक की तबीयत बिगड़ती दिखती है और वह अचेत हो जाता है। चौंकाने वाली बात यह है कि बेहोशी के बावजूद कुछ लोग उसे थामे हुए रस्में पूरी कराते नजर आते हैं। एक अन्य वीडियो में युवक खुद को कमरे में बंद बताते हुए मदद की गुहार लगाता दिख रहा है। उसका आरोप है कि उसे 24 घंटे से ताला लगाकर कैद रखा गया।
हालांकि, पटोरी डीएसपी बीके मेधावी का कहना है कि अब तक लड़के के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में यह भी बात सामने आई है कि युवक और युवती के बीच पहले से प्रेम संबंध होने की चर्चा है। पुलिस का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स से मिली है। वायरल वीडियो की सत्यता की पड़ताल की जा रही है और तथ्यों की तस्दीक के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इलाका चर्चा और अफवाहों के भंवर में है, जबकि सच की तह तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।