सारण में चोरों का कहर, एक ही रात तीन घरों के ताले चटखाए, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

Bihar Crime News: चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ रात के सन्नाटे में दोनों गांवों में धावा बोला। पहले घरों की निगरानी की गई और मौका मिलते ही ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए।

Saran Theft Spree 3 Homes
सारण में चोरों का कहर- फोटो : reporter

Saran: दाउदपुर थाना क्षेत्र में चोरों के बढ़ते दुस्साहस ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। जैतपुर और हर्षपुरा गांव में एक ही रात तीन घरों को निशाना बनाकर चोर नकदी, जेवरात और कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। वारदात के बाद दोनों गांवों में खौफ और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने रात की पुलिस गश्त और सुरक्षा इंतजामों पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

बताया जाता है कि चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ रात के सन्नाटे में दोनों गांवों में धावा बोला। पहले घरों की निगरानी की गई और मौका मिलते ही ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए। चोरों ने तीन अलग-अलग घरों को खंगाला और वहां रखे नगदी, आभूषण समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।सुबह जब परिवारों की नींद खुली तो घर के सामान बिखरे पड़े थे और ताले टूटे मिले। चोरी की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों में वारदात को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला।

ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस की रात्रि गश्त मुस्तैदी से हो रही थी, तो चोर दो गांवों में एक के बाद एक तीन घरों को कैसे निशाना बनाकर निकल गए? लोगों ने आरोप लगाया कि रात की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था महज कागजी खानापूर्ति बनकर रह गई है।

घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थानाध्यक्ष निर्भय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवारों से चोरी हुए सामान तथा वारदात की जानकारी ली।पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोर किस रास्ते से आए और फरार हुए। फिलहाल पुलिस ने जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी का भरोसा दिया है। मगर लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों के जेहन में एक बड़ा सवाल छोड़ दिया है अगर रात के अंधेरे में चोर बेखौफ घूम रहे हैं, तो पुलिस की निगरानी आखिर कहां है?

रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी