Bihar Crime: ओझा-गुनी के आरोप में बुजुर्ग की हत्या, जंगल में मिला शव
Bihar Crime: दरवना जंगल में ओझा-गुनी और कथित तांत्रिक गतिविधियों के विवाद में एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। ...
Bihar Crime: सासाराम के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के दरवना जंगल में ओझा-गुनी और कथित तांत्रिक गतिविधियों के विवाद में एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान योगेश्वर ठाकुर के रूप में हुई है। जंगल से शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव पर धारदार हथियार से हमले और पत्थर से कुचले जाने के निशान मिलने की बात सामने आई है।
मृतक के पुत्र नवल ठाकुर के मुताबिक, उनके पिता रोज की तरह पशुओं को चराने के लिए दरवना जंगल की ओर गए थे। इसके बाद उनका शव जंगल से बरामद हुआ। नवल ने आरोप लगाया कि उनके पिता की धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई और पत्थर से भी कुचला गया।
बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले ओझाई के मामले को लेकर योगेश्वर ठाकुर और उनके पड़ोसी पाटीदार के बीच पुलिस में शिकायत भी दर्ज हुई थी। परिजनों के अनुसार, पड़ोस के शीतल ठाकुर की बहू के बीमार पड़ने के बाद योगेश्वर ठाकुर के परिवार पर कथित तांत्रिक गतिविधि से जुड़े आरोप लगाए गए थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी।परिजन आशंका जता रहे हैं कि इसी पुराने विवाद की वजह से योगेश्वर ठाकुर की हत्या की गई है। हालांकि, हत्या की असल वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा। यदुनाथपुर थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार ने बताया कि ओझा-गुनी के मामले को लेकर पहले से विवाद की जानकारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- रंजन कुमार राजपूत