Bihar Crime: जलावन की लकड़ी बनी खूनी जंग की वजह, शिवहर में चचेरे भाइयों के बीच हिंसक संघर्ष, एक की मौत, आधा दर्जन घायल
Bihar Crime:जलावन की लकड़ी रखने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि चचेरे भाइयों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए।...
Bihar Crime: शिवहर में मामूली-सा घरेलू विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। जलावन की लकड़ी रखने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि चचेरे भाइयों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, वहीं सदर अस्पताल को एहतियातन पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
यह सनसनीखेज वारदात नगर परिषद शिवहर के वार्ड संख्या-23 स्थित फतेहपुर नया टोला की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शनिवार देर रात जलावन की लकड़ी रखने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और दोनों ओर से लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला शुरू हो गया। महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार के बीच पूरा मोहल्ला रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
इस खूनी संघर्ष में अमरेंद्र सहनी के सिर पर धारदार हथियार से गंभीर वार किया गया। परिजन उन्हें आनन-फानन में शिवहर सदर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
हिंसा में चुनचुन सहनी, रूबी देवी, हरीकिशोर सहनी और शिवनाथ सहनी समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई थानों की पुलिस को मौके पर रवाना किया। भारी संख्या में पुलिस बल ने गांव पहुंचकर हालात पर काबू पाया। वहीं अस्पताल में भी किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
शिवहर सदर के एसडीपीओ अनुशील कुमार ने बताया कि जलावन रखने को लेकर शुरू हुए विवाद में दोनों पक्ष हिंसक रूप से भिड़ गए और एक-दूसरे पर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला किया। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महज जलावन की लकड़ी को लेकर शुरू हुआ विवाद एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बन गया, जिसने रिश्तों को लहूलुहान कर दिया और पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया।
रिपोर्ट-मनोज कुमार सिंह