Bihar Crime: दूल्हे के दोस्त की फायरिंग में ननिहाल आए मासूम की मौत , बरात से पहले साजिश का परिजनों ने लगाया आरोप, पुलिस अलाप रही है अलग राग
Bihar Crime: बिहार में शादी समारोह में बराती बनकर आए 15 वर्षीय किशोर रौशन कुमार को सीने में गोली मार दी गई।
Bihar Crime: शादी की शहनाइयों और डीजे की गूंज के बीच सुप्पी थाना क्षेत्र के रमनगरा गांव में ऐसा खूनी मंज़र बना, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। शादी समारोह में बराती बनकर आए 15 वर्षीय किशोर रौशन कुमार को सीने में गोली मार दी गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी सांसें थम चुकी थीं। यह महज एक हादसा नहीं, बल्कि पुरानी दुश्मनी की खौफनाक पटकथा बताई जा रही है।
मृतक की पहचान औराई थाना क्षेत्र के सरहचिया गांव निवासी रवींद्र साह के इकलौते बेटे रौशन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र स्थित सरहचिया गांव से धर्मेंद्र कुमार की बारात रमनगरा गांव के स्वर्गीय दिनेश साह के घर आई थी। बारात आने से पहले ही रौशन गांव पहुंच चुका था, तभी अंधेरे का फायदा उठाकर सीने में गोली दाग दी गई।
मृतक के पिता ने इस कत्ल को सीधी साज़िश करार दिया है। उनका कहना है कि करीब दस साल पहले रमनगरा गांव की बारात सरहचिया गई थी, जहां किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। वही रंजिश आज खूनी अंजाम तक पहुंच गई। आरोप है कि रमनगरा गांव के राम बाबू साह के पुत्र प्रदीप साह ने गुंडों को बुलाकर इस हत्या को अंजाम दिलवाया।
परिजनों के मुताबिक, मृतक के पिता का ननिहाल भी रमनगरा गांव में ही है और ननिहाल पक्ष से पुराना विवाद चला आ रहा है। पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। परिजनों का दावा है कि यह हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई। रौशन पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा और इकलौता बेटा था, जिसकी मौत से परिवार पर ग़म का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक की ममेरी दादी रिंकी कुमारी ने बताया कि मुन्ना साह की पोती की शादी में रौशन बराती बनकर आया था। डीजे पर गाना बजने के बाद अचानक लाइट काटी गई और सिक्सर से छह गोलियां दाग दी गईं, जिनमें एक गोली सीधे सीने में लगी। आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सदर एसडीपीओ-1, राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें से दो व्यक्तियों के शरीर पर खून के निशान पाए गए हैं।शादी की खुशियों के बीच हुई फायरिंग और उसके बाद तनाव है। गोलीबारी के बाद जब किशोर की मौत हुई, तो वहाँ भगदड़ मच गई। गुस्साए ग्रामीणों ने भाग रहे आरोपित की गाड़ी को निशाना बनाया, जिसके डर से वह अपनी स्कॉर्पियो और हथियार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस को तलाशी के दौरान गाड़ी से जो हथियार का लाइसेंस मिला है, वह उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से जारी किया गया है।सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह और थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने रात में ही दबिश दी। संदिग्धों के ठिकानों से उस हथियार के कई जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।घटना के बाद डर और तनाव के कारण वधू पक्ष (लड़की वाले) घर छोड़कर चले गए। हालांकि, ग्रामीणों की मौजूदगी में दूल्हे को रोककर देर रात शादी की रस्में पूरी कराई गईं।सदर एसडीपीओ-1 ने बताया कि बारात में शामिल होने यूपी से आए दूल्हे के बॉस ने अपने लाइसेंसी हथियार से हर्ष फायरिंग की थी, जिसमें एक बाराती की मौत हो गई।
वहीं पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसे हर्ष फायरिंग का मामला बताया है। पुलिस ने इस मामले में 10 जिंदा कारतूस, 2 खोखा, हथियार का लाइसेंस और एक चारपहिया वाहन के साथ बरहरवा निवासी संजीत सिंह को हिरासत में लिया है। अब सवाल यह है यह हादसा था या बरसों से पल रही साज़िश का खूनी अंजाम? पुलिस जांच में कई राज़ खुलने बाकी हैं।
सीतामढ़ी से अविनाश कुमार की रिपोर्ट