Bihar Police Encounter: सीवान में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पुलिस ने फिल्मी अंदाज में दौड़ाकर लूटकांड के अपराधियों को किया एनकाउंटर, गोलियों की बरसात से दहला इलाका
Bihar Police Encounter: सीवान-पटना हाईवे पर उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी, जब बाइक सवार दो शातिर अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। ...
Bihar Police Encounter: सीवान में मंगलवार की देर रात एक जबरदस्त एनकाउंटर देखने को मिला, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। सीवान-पटना हाईवे पर उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी, जब बाइक सवार दो शातिर अपराधियों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों बदमाशों को दौड़ाकर उनके पैर में गोली मार दी।
जख्मी अपराधियों की पहचान रोहित कुमार शर्मा और रोहित कुमार कुशवाहा उर्फ रिशु के रूप में हुई है। दोनों पर हाल ही में हुए चर्चित अरुण ज्वेलर्स और मनमोहित ज्वेलर्स लूटकांड में शामिल होने का इल्ज़ाम है। पुलिस के मुताबिक ये दोनों लंबे वक्त से ‘क्राइम की दुनिया’ में सक्रिय थे और कई संगीन वारदातों में शामिल रहे हैं।
दरअसल, पुलिस को पहले से इनकी मूवमेंट की मुखबिर से खबर मिल चुकी थी। इसी इनपुट के आधार पर बसंतपुर थाना इलाके के लहेजी गांव के पास हाईवे पर सख्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। तभी एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर अचानक रुक गए और फिर यू-टर्न लेकर फरार होने की कोशिश करने लगे। पुलिस को शक हुआ और पीछा शुरू हुआ।पीछा तेज हुआ तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख जान बचाने की फिराक में करीब 4 राउंड फायरिंग कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। कुछ ही देर में दोनों बदमाश बाइक छोड़कर खेत की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। इस दौरान दोनों के पैर में गोली लगी और वे जमीन पर गिर पड़े।
दोनों जख्मी बदमाशों को पहले सीवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पटना रेफर कर दिया गया। एसपी ने बताया कि रोहित शर्मा एक ‘अंतरराज्यीय लुटेरा’ है, जिसके तार बिहार से लेकर हैदराबाद तक जुड़े हैं। बता दें कि 9 मार्च को बसंतपुर बाजार में 25 लाख की ज्वेलरी लूट ने पुलिस की नींद उड़ा दी थी। इस वारदात के बाद जनता में जबरदस्त गुस्सा देखने को मिला था। अब इस मुठभेड़ के बाद पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, लेकिन इलाके में अब भी खौफ और बेचैनी का माहौल कायम है।