Bihar Crime: बिहार में बदमाशों का तांडव, ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग से दहशत का माहौल
Bihar Crime: बिहार में बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।...
Bihar Crime: बिहार में बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के दपनी बाजार में बदमाशों ने खुलेआम हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। बीच बाजार में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
मिली जानकारी के मुताबिक, दो बदमाश एक ही बाइक पर सवार होकर बगौरा गांव की तरफ से दपनी बाजार पहुंचे थे। बाजार में पहुंचते ही दोनों ने हवा में गोलियां दागनी शुरू कर दीं। शुरुआती जानकारी में करीब दो राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आ रही है। फायरिंग के बाद बदमाशों ने खुलेआम दबंगई दिखाई और बाइक स्टार्ट कर बगौरा गांव की ओर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी अमर यादव ने बताया कि वे बगौरा बाजार से आ रहे थे और अपनी गाड़ी लगाकर वहां रुके हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और अचानक हवाई फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, अगर वे समय रहते अपनी जगह से नहीं हटते, तो गोली उन्हें भी लग सकती थी।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद स्थानीय लोगों में खौफ व्याप्त है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फायरिंग करने वाले बदमाशों के तेवर से ऐसा लग रहा था कि उन्हें पुलिस या कानून का कोई खौफ नहीं था। खुले बाजार में इस तरह हथियार लहराकर फायरिंग करना पुलिस-प्रशासन के लिए भी गंभीर चुनौती माना जा रहा है।
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और दपनी बाजार पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अब फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान, वारदात के पीछे की वजह और उनके आपराधिक कनेक्शन का पता लगाने में जुटी है।सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बदमाशों ने भीड़भाड़ वाले बाजार में हवाई फायरिंग क्यों की? क्या यह इलाके में अपनी दहशत और दबंगई कायम करने की कोशिश थी या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश और आपराधिक साजिश थी? फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।बीच बाजार में खुलेआम गोलियां चलने की इस वारदात ने एक बार फिर सीवान में कानून-व्यवस्था और बदमाशों के बढ़ते दुस्साहस पर सवाल खड़े कर दिए हैं।