Bihar Crime: बिहार में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में गंदे काम का पर्दाफाश, 21 नाबालिगों का किया गया रेस्क्यू, रेड लाइट सिंडिकेट का नेटवर्क बेनकाब

पुलिस ने एक ऐसे संगठित अपराध नेटवर्क पर शिकंजा कसा है, जिसने ऑर्केस्ट्रा की चमक-दमक के पीछे अंधेरे का धंधा खड़ा कर रखा था।

Bihar Orkestra Cover Exposed 21 Minors Rescued Racket Busted
ऑर्केस्ट्रा की आड़ में गंदा काम - फोटो : X

Bihar Crime: बिहार के सीवान जिले में पुलिस ने एक ऐसे संगठित अपराध नेटवर्क पर शिकंजा कसा है, जिसने ऑर्केस्ट्रा की चमक-दमक के पीछे अंधेरे का धंधा खड़ा कर रखा था। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शुरू हुए इस राज्यव्यापी अभियान में 450 से ज्यादा ऑर्केस्ट्रा सेंटरों को स्कैन किया जा रहा है और अब तक 21 नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा खेल एंटरटेनमेंट की आड़ में चल रहा था, जहां लड़कियों से जबरन अश्लील डांस करवाया जाता था और धीरे-धीरे उन्हें देहव्यापार के दलदल में धकेला जाता था। सबसे बड़ी कार्रवाई सीवान के पचरुखी बाजार में हुई, जहां से कई लड़कियों को बरामद किया गया। पुलिस ने इसे ऑपरेशन रेड लाइट पैटर्न पर चल रहे नेटवर्क का हिस्सा बताया है। जांच में सामने आया है कि इस पूरे रैकेट में कई एजेंट और लोकल सिंडिकेट सक्रिय थे। पुलिस ने एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर लड़कियों की खरीद-फरोख्त में शामिल थी। वहीं, एक डॉक्टर नवीन के क्लीनिक पर भी छापेमारी की गई, जो अब फरार बताया जा रहा है। आरोप है कि यह डॉक्टर और उसका नेटवर्क नाबालिग लड़कियों के बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त तक में शामिल था, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।

पुलिस की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि कुछ ऑर्केस्ट्रा सेंटर पूरी तरह रेड लाइट एरिया मॉडल पर काम कर रहे थे। लड़कियों को बाहर से लाया जाता था, उनके कागजात बदल दिए जाते थे और फिर उन्हें काम के नाम पर शोषण की आग में झोंक दिया जाता था। कई जगहों से विदेशी कनेक्शन भी सामने आ रहे हैं, जहां बांग्लादेशी युवती के फर्जी पहचान से काम करने की पुष्टि हुई है।

सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र में भी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान 3 नाबालिग लड़कियों समेत एक बांग्लादेशी युवती को बरामद किया गया है। पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि मास्टरमाइंड फरार है। मौके से बांग्लादेशी पासपोर्ट और कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी मिले हैं।

SDPO नरेश पासवान के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई में पुलिस ने साफ किया है कि यह सिर्फ कुछ सेंटरों की नहीं, बल्कि एक संगठित ‘क्राइम सिंडिकेट’ की कहानी है, जो ऑर्केस्ट्रा के नाम पर चलाया जा रहा था।किशनगंज में भी प्रेमनगर रेड लाइट एरिया में बड़ी रेड हुई, जहां 8 लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। संचालिका मनु आरा को मौके से दबोचा गया, जबकि कई एजेंट फरार हो गए।SSP विनीत कुमार ने साफ कहा है कि ऑर्केस्ट्रा की आड़ में देहव्यापार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी इस काले कारोबार में शामिल होगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

फिलहाल पूरे राज्य में ऑर्केस्ट्रा सेंटरों की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह अभियान अब एक बड़े एंटी ट्रैफिकिंग ऑपरेशन में बदल चुका है, जिसमें हर जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है।अब सवाल यह है कि क्या यह कार्रवाई इस पूरे नेटवर्क की जड़ें उखाड़ पाएगी, या फिर यह सिर्फ एक शुरुआती वार है किसी बड़े और गहरे सिस्टम के खिलाफ जिसका सच अभी सामने आना बाकी है।