Bihar News: रफ्तार का कहर, अनियंत्रित वाहन ने दो सहेलियों को रौंदा, एक की मौत

Bihar News: एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

Speeding Vehicle Crushes Two Friends One Dies
रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Bihar News: बिहार के आरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गढ़ानी थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा–सासाराम स्टेट हाईवे पर गढ़ानी बाजार स्थित मेला मोड़ के समीप तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन ने पैदल जा रही दो सहेलियों को बेरहमी से रौंद डाला। इस भीषण दुर्घटना में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतका की पहचान 20 वर्षीय काजल कुमारी के रूप में हुई है, जो बारात गांव निवासी अरुण पंडित की पुत्री बताई जा रही है। काजल अपनी सहेली मधु कुमारी के साथ पैदल अपने गांव से गढ़ानी बाजार कंप्यूटर क्लास करने जा रही थी। तभी मेला मोड़ के समीप तेज रफ्तार वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरीं और लहूलुहान हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। गढ़ानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मधु कुमारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

इस घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। लोगों में सड़क पर बेलगाम रफ्तार को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मेला मोड़ जैसे व्यस्त इलाके में स्पीड ब्रेकर और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। एक पल की लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और दूसरी जिंदगी अस्पताल के बिस्तर पर संघर्ष कर रही है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार